पंचकूला: देशभर में शनिवार को आयोजित 18वें रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 61 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्ति पत्र सौंपे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के 45 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेलों से जुड़े।
इसी कड़ी में हरियाणा के पंचकूला में सेक्टर-26 स्थित 50वीं वाहिनी ITBP परिसर में भी रोजगार मेला आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उन्हें बधाई दी।
रोजगार मेला लाखों युवाओं को अवसर
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अब तक इस पहल के जरिए 11 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी विभागों में नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि आज भी प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे हैं।
उन्होंने हरियाणा में मैरिट आधारित भर्ती प्रणाली लागू किए जाने पर जोर दिया और कहा कि इससे नौकरियों में पारदर्शिता बढ़ी है। इसके अलावा, अनुबंध पर कार्यरत युवाओं को जॉब सिक्योरिटी दी गई है और अग्निवीर योजना के तहत चयनित युवाओं को सरकारी नौकरियों में विशेष लाभ मिला है।
महिलाओं, किसानों और गरीबों पर विशेष ध्यान
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बताया कि महिलाओं के लिए हरियाणा में 100 से अधिक कॉलेज खोले गए और उनके लिए परिवहन की सुविधा सुनिश्चित की गई। युवाओं की स्किलिंग के लिए कौशल विश्वविद्यालय, पलवल की स्थापना की गई।
किसानों के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल शुरू किया गया, जिससे उन्हें सीधे DBT लाभ मिले। सरकार ने गरीब और पिछड़े वर्गों के लिए पारदर्शी प्रणाली अपनाई और परिवार पहचान पत्र (PPP) के माध्यम से 2 करोड़ 83 लाख लोगों का डेटा सहेजा गया। इसके जरिए पेंशन और अन्य लाभ सीधे और सुरक्षित तरीके से दिए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पीएम मोदी ने युवाओं और महिलाओं के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जैसे लखपति दीदी योजना और ड्रोन दीदी योजना, जिससे महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को नई नौकरी और विकास के अवसर देना है और उन्हें राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम में आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने मेले के संचालन और उम्मीदवारों के चयन में सहयोग किया।