18th Job Fair: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 18वें रोजगार मेले के अवसर पर विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव-नियुक्त 61 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि साल 2026 की शुरुआत उनके जीवन में नई खुशियों और नई शुरुआत का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बसंत ऋतु के आगमन के साथ ही युवाओं के जीवन में भी नए बसंत का प्रवेश हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह समय युवाओं को संविधान के प्रति उनके कर्तव्यों से भी जोड़ता है और संयोग से इसी दौरान देश में गणतंत्र दिवस का पर्व भी मनाया जा रहा है।
नियुक्ति पत्र राष्ट्र निर्माण का निमंत्रण
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 61 हजार से अधिक युवा आज अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल नौकरी का दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का निमंत्रण है। ये पत्र एक विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और सरकार निरंतर युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत सरकार कई देशों के साथ व्यापार और गतिशीलता (मोबिलिटी) समझौते कर रही है, जिससे देशभर के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
रोजगार मेला बना एक मजबूत संस्थान
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में रोजगार मेला एक मजबूत संस्थान के रूप में उभरा है, जिसके माध्यम से लाखों युवाओं को सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया, क्रिएटर इकोनॉमी और अन्य आधुनिक क्षेत्रों में भारत तेजी से वैश्विक केंद्र बनता जा रहा है, जिससे युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि युवाओं की यह ऊर्जा और सहभागिता विकसित भारत के संकल्प को नई गति देगी।