(नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी और कहा कि पार्टी से जुड़े मामलों में अब यह युवा नेता उनके ‘बॉस’ होंगे।
पार्टी मुख्यालय में संगठन पर्व का समापन
यहां भाजपा मुख्यालय में संगठन पर्व के समापन अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पार्टी के विभिन्न पदों के लिए चुनावों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नितिन नबीन को औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया है।
‘मैं कार्यकर्ता हूं, आप मेरे बॉस हैं’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा जब बात पार्टी के विषयों की आती है, तब माननीय नितिन नबीन जी, मैं एक कार्यकर्ता हूं और आप मेरे बॉस हैं। उन्होंने कहा कि अब नितिन नबीन न केवल भाजपा के अध्यक्ष हैं, बल्कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी सहयोगी दलों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी भी उन्हें निभानी होगी।
मिलेनियल पीढ़ी का नेतृत्व
प्रधानमंत्री ने 45 वर्षीय नितिन नवीन को ‘मिलेनियल’ बताते हुए कहा कि वह उस पीढ़ी से आते हैं जिसने भारत में बड़े बदलाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन ने बचपन में रेडियो पर समाचार सुने हैं और आज कृत्रिम मेधा (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग करने में भी दक्ष हैं। पीएम मोदी ने कहा नितिन जी में युवा ऊर्जा और भरपूर अनुभव दोनों हैं जो पार्टी को आगे ले जाने में सहायक होंगे।
भाजपा के संगठनात्मक सफर का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने भाजपा के संगठनात्मक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में पार्टी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। उन्होंने कहा कि इस सदी में एम. वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी जैसे नेताओं के साथ वरिष्ठ सहयोगियों ने संगठन का विस्तार किया।
राजनाथ, अमित शाह और नड्डा के नेतृत्व को सराहा
पीएम मोदी ने कहा कि राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार अपने दम पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। इसके बाद अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी ने कई राज्यों में सरकारें बनाईं और केंद्र में लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। उन्होंने कहा कि जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर संसद तक हर स्तर पर और मजबूत हुई।