(नई दिल्ली): नितिन नबीन को मंगलवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का स्थान लिया है। उनके अध्यक्ष बनने के साथ ही पार्टी के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है ऐसे समय में जब भाजपा देश की राजनीति पर अपनी पकड़ और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
निर्वाचन अधिकारी ने घोषित किए चुनाव परिणाम
भाजपा के संगठनात्मक चुनावों के निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने चुनाव परिणामों की औपचारिक घोषणा की और 45 वर्षीय नितिन नबीन को चुनाव प्रमाण पत्र सौंपा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित कई वरिष्ठ नेता भाजपा मुख्यालय में मौजूद रहे।
भाजपा के अब तक के सबसे युवा अध्यक्ष
नितिन नबीन भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। उल्लेखनीय है कि पार्टी की स्थापना वर्ष 1980 में हुई थी और उसी वर्ष नितिन नबीन का जन्म भी हुआ था। इसके साथ ही वह पार्टी के शीर्ष पद पर आसीन होने वाले अब तक के सबसे युवा नेता बन गए हैं।
कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद दिया था मंत्री पद से इस्तीफा
सुर्खियों से दूर रहने वाले नितिन नबीन को 14 दिसंबर को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इसके बाद उन्होंने बिहार सरकार में कानून एवं न्याय, शहरी विकास और आवास मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
मेहनत और समर्पण से उभरता है नेतृत्व
चुनाव परिणामों की घोषणा करते हुए निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने कहा यह चुनाव दर्शाता है कि भाजपा में नेतृत्व वंशवादी विशेषाधिकार से नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर उभरता है।
जे.पी. नड्डा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा आज का दिन अत्यंत ऐतिहासिक है, जब हमारे युवा, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली नितिन नबीन विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कर रहे हैं। मैं अपनी और करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं।”