दिल्ली सरकार प्रदूषण और बुनियादी ढांचे पर ‘मिशन मोड’ में काम कर रही है: प्रवेश वर्मा

(नई दिल्ली): दिल्ली के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने बृहस्पतिवार को पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह पिछले एक दशक में बुनियादी नागरिक कार्यों में विफल रही। इसके चलते वर्तमान प्रशासन को कूड़े के ढेर, टूटी सड़कों, प्रदूषण और यमुना की सफाई जैसे लंबित मुद्दों का समाधान करना पड़ रहा है।

पूर्व सरकार की विफलताओं पर निशाना

वर्मा ने कहा, “उन्होंने एक भी ठोस काम नहीं किया। हमने 20 फरवरी को कार्यभार संभाला और तब से लगातार काम कर रहे हैं।” उन्होंने दावा किया कि मानसून से पहले सड़कों की मरम्मत की गई, 20 लाख मीट्रिक टन से अधिक कचरा हटाया गया और मिंटो ब्रिज सहित प्रमुख जलभराव बिंदुओं को ठीक किया गया।

प्रदूषण से निपटने के उपाय

मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार वायु प्रदूषण से निपटने के लिए लगातार कदम उठा रही है और इसे एक दिन में हल नहीं किया जा सकता क्योंकि यह पुरानी समस्या है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में गैर बीएस-6 निजी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू किया गया है और पीयूसी प्रमाणपत्र के बिना ईंधन नहीं दिया जाएगा।

बुनियादी ढांचा और यातायात सुधार

वर्मा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में कोई नया बुनियादी ढांचा विकसित नहीं हुआ। उन्होंने केंद्रीय सड़क एवं बुनियादी ढांचा निधि के लिए केंद्र को धन्यवाद दिया। सरकार ने यातायात भीड़ वाले 62 केंद्रों की पहचान की और सुधारात्मक कदम उठाए। फ्लाईओवरों पर पानी का छिड़काव करने वाले उपकरण और ‘एंटी-स्मॉग गन’ भी लगाए जा रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि यमुना की सफाई और व्यापक सीवरेज योजना के लिए रूपरेखा तैयार की गई है। हरित कचरे के प्रबंधन के लिए छह नई प्रसंस्करण सुविधाओं पर काम शुरू किया गया। वर्मा ने पूर्व सरकार पर नाटक करने का आरोप लगाते हुए कहा, “वर्तमान नेतृत्व संकट के समय विपश्यना नहीं करता, बल्कि समस्याओं का समाधान करने के लिए मौजूद रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *