कोहरे के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर 27 उड़ानें रद्द, कई में देरी

(मुंबई): घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण बृहस्पतिवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विभिन्न एयरलाइनों की 27 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि कई अन्य उड़ानों के परिचालन में देरी हुई। यह जानकारी दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) के एक अधिकारी ने दी।

16 प्रस्थान और 11 आगमन उड़ानें रद्द

डायल के अधिकारी ने बताया, “घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण अब तक 16 प्रस्थान और 11 आगमन से जुड़ी कुल 27 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं।” उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति के चलते दिनभर उड़ान परिचालन प्रभावित रहने की संभावना है।

यात्रियों के लिए परामर्श जारी

बृहस्पतिवार सुबह यात्रियों के लिए जारी परामर्श में डायल ने कहा कि घने कोहरे के कारण उड़ान संचालन वर्तमान में कैट-थ्री (श्रेणी-III) परिस्थितियों के अंतर्गत किया जा रहा है। परामर्श में कहा गया है कि ऐसी स्थितियों में उड़ानों के परिचालन में देरी या व्यवधान हो सकता है।

डायल के अनुसार, कैट-थ्री परिस्थितियों में उड़ान संचालन के लिए न केवल पायलटों का विशेष रूप से प्रशिक्षित होना आवश्यक है, बल्कि विमानों का भी निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होना जरूरी है।

क्या है कैट-थ्री प्रणाली

कैट-थ्री, इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) का एक उन्नत स्तर है, जो विमान को अत्यंत कम दृश्यता जैसे घना कोहरा, भारी बारिश या बर्फबारी की स्थिति में उतरने की अनुमति देता है। इस प्रणाली के तहत विमान 50 से 200 मीटर की रनवे दृश्य सीमा (आरवीआर) में भी सुरक्षित रूप से लैंड कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *