दो दिवसीय दौरे पर जॉर्डन पहुंचे पीएम मोदी, गर्मजोशी से हुआ स्वागत

(अम्मान): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और जॉर्डन के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है। हवाई अड्डे पर जॉर्डन के प्रधानमंत्री जाफर हसन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद उनका औपचारिक अभिनंदन किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “अम्मान पहुंच गया हूं। हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए जॉर्डन के हाशमी साम्राज्य के प्रधानमंत्री जाफर हसन का आभार। मुझे विश्वास है कि यह यात्रा हमारे देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करेगी।”

37 साल बाद पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा

यह यात्रा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि 37 वर्षों के अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह जॉर्डन की पहली पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा है। साथ ही, यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और जॉर्डन के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के तीन देशों के चार दिवसीय दौरे में जॉर्डन पहला पड़ाव है, इसके बाद वे इथियोपिया और ओमान जाएंगे।

जॉर्डन के पीएम ने जताई खुशी

जॉर्डन के प्रधानमंत्री जाफर हसन ने भी सोशल मीडिया पर कहा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जॉर्डन में सम्मानित अतिथि के रूप में स्वागत करना हमारे लिए गौरव की बात है। यह यात्रा हमारे 75 वर्षों के घनिष्ठ और स्थायी संबंधों को दर्शाती है।” उन्होंने आर्थिक, निवेश और तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाशने की इच्छा भी जताई।

भारतीय समुदाय ने किया स्वागत

होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। उन्होंने लोगों से मुलाकात की और बातचीत की। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक भारतीय नृत्य प्रस्तुत किए।

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी शाह अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन से मुलाकात करेंगे और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। मंगलवार को दोनों नेता भारत-जॉर्डन व्यापार कार्यक्रम को संबोधित कर सकते हैं, जिसमें दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपति शामिल होंगे। प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय से संवाद करेंगे और मौसम अनुकूल रहने पर युवराज के साथ ऐतिहासिक पेत्रा शहर का दौरा भी कर सकते हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले फरवरी 2018 में फलस्तीन यात्रा के दौरान जॉर्डन में संक्षिप्त रूप से रुके थे, लेकिन यह उनकी पहली पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा है।

भारत और जॉर्डन के बीच आर्थिक संबंध हैं मजबूत

भारत और जॉर्डन के बीच मजबूत आर्थिक संबंध हैं। भारत, जॉर्डन का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 2.8 अरब अमेरिकी डॉलर का है। जॉर्डन भारत को फॉस्फेट और पोटाश जैसे उर्वरकों का प्रमुख आपूर्तिकर्ता है। जॉर्डन में 17,500 से अधिक भारतीय प्रवासी कपड़ा, निर्माण और विनिर्माण क्षेत्रों में कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *