गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा बयान, कहा- मतदाता सूची शुद्धिकरण के लिए SIR अनिवार्य

BSF 61st Diamond Jubilee:भुज (गुजरात): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत NDA की जीत देश की जनता द्वारा घुसपैठियों के खिलाफ दिया गया एक स्पष्ट जनादेश है। उन्होंने कहा कि नागरिक कभी भी उन राजनीतिक दलों का समर्थन नहीं करेंगे जो अवैध प्रवासियों को संरक्षण देने का प्रयास करते हैं। शाह भुज में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 61वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

विपक्ष कर रहे एसआईआर से विरोध

शाह ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं क्योंकि वे चाहते हैं कि घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में बने रहें। उन्होंने एसआईआर को मतदाता सूची के “शुद्धिकरण” की प्रक्रिया बताया और कहा कि यह लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्ष एसआईआर का इसलिए विरोध कर रहा है क्योंकि इससे अवैध प्रवासियों के नाम हट सकते हैं। विपक्ष ने दावा किया है कि एसआईआर से लाखों लोग मताधिकार से वंचित हो जाएंगे, जबकि राज्य में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं।

घुसपैठ रोकने की है जरूरत

गृह मंत्री ने कहा कि बीएसएफ देश की सीमाओं पर घुसपैठ रोकने में लगातार जुटी हुई है। उनके अनुसार, घुसपैठ को रोकना न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बल्कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को दूषित होने से बचाने के लिए भी आवश्यक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल केंद्र सरकार की घुसपैठ-विरोधी मुहिम को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

हर घुसपैठिए को करेंगे देश से बाहर

शाह ने दृढ़ता से कहा, “हम हर घुसपैठिए को देश से बाहर निकालेंगे। देश के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का चयन केवल भारतीय नागरिक करेंगे घुसपैठियों को हमारे लोकतांत्रिक निर्णयों को प्रभावित करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि एसआईआर लोकतंत्र को सुरक्षित और स्वच्छ रखने की प्रक्रिया है और हर नागरिक को इसका समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के परिणाम यह बताते हैं कि देश की जनता मतदाता सूची में घुसपैठियों की मौजूदगी को स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे राजनीतिक दलों को जनता का विरोध झेलना पड़ेगा जो मतदाता सूची में अवैध प्रवासियों के नाम बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। अमित शाह ने नक्सल प्रभावित इलाकों में बीएसएफ के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों के कारण भारत जल्द ही नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *