परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी करने पर युवती की हत्या, भाई सहित चार आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़: हरियाणा के रोहतक जिले में परिवार की इच्छा के विरुद्ध विवाह करने पर एक युवती की हत्या के मामले में उसके भाई सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को इस संबंध में जानकारी दी।

भाई अपने जीजा की भी करना चाह रहा था हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपी संजू अपनी बहन के पति सूरज की हत्या की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही बृहस्पतिवार को उसे रोहतक से दबोच लिया गया। इससे एक दिन पहले, बुधवार शाम को संजू ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर अपनी बहन सपना (23) को रोहतक के काहनी गांव स्थित उसके घर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था।

सपना ने किया था प्रेम विवाह

सपना ने दो वर्ष पहले सूरज, जो पेशे से ऑटोरिक्शा चालक है, से प्रेम विवाह किया था। इसी बात से संजू बेहद नाराज़ था। वारदात के समय सूरज घर पर मौजूद नहीं था, जबकि सूरज का भाई साहिल हमले में घायल हो गया। पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि संजू अब सूरज की हत्या की साजिश भी रच रहा है। इसके बाद एक विशेष जांच चौकी स्थापित कर लाढ़ौत–बोहर मार्ग पर उसकी घेराबंदी की गई। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में चारों आरोपी घायल हो गए और बाद में उन्हें रोहतक के पीजीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आरोपियों की पिस्तौल बरामद

अन्य तीन आरोपियों की पहचान काहनी गांव के राहुल और सोनीपत जिले के निवासी अंकित तथा गौरव के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि चारों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज नहीं है।

आरोपियों के कब्जे से दो .30 बोर की पिस्तौल, दो देसी हथियार, 20 कारतूस, दो मैगजीन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार, शादी के बाद सपना और सूरज ने काहनी गांव छोड़ दिया था, लेकिन बाद में वे वापस वहीं रहने लगे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *