Shafali Verma meets CM Saini: (चंडीगढ़): हरियाणा की विश्व चैम्पियन क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने संत कबीर कुटीर में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान हरियाणा सरकार की ओर से उन्हें 1.50 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार और ग्रेड-ए ग्रेडेशन सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। यह सम्मान उनकी खेल में उत्कृष्ट उपलब्धियों और राज्य तथा देश का गौरव बढ़ाने के लिए दिया गया।
शेफाली ने हरियाणा और देश का गौरव बढ़ाया
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि शेफाली वर्मा ने न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि शेफाली आज देश के सभी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। हरियाणा की बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, और शेफाली वर्मा ने खेल जगत में नया इतिहास रचा है। उनकी मेहनत और लगन युवा खिलाड़ियों के लिए आदर्श हैं। सीएम सैनी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार हमेशा खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देती रहेगी।
हरियाणा महिला आयोग ने बनाया ब्रांड एंबेसडर
इस अवसर पर हरियाणा महिला आयोग ने भी शेफाली वर्मा को अपना ब्रांड एंबेसडर घोषित किया। आयोग ने कहा कि उनकी उपलब्धियाँ महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और खेलों में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देंगी।
शेफाली वर्मा ने जताया आभार
शेफाली वर्मा ने मुख्यमंत्री और हरियाणा सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा हरियाणा पूरे देश के लिए खेलों का रोल मॉडल बन चुका है। सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दिया जा रहा प्रोत्साहन और सम्मान वाकई सराहनीय है।”उन्होंने अपने परिवार सहित मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान उन्हें और मेहनत करने की प्रेरणा देगा।