Delhi BJP new office: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर बने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के नए कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी रविवार को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दी। वीरेंद्र सचदेवा ने कार्यालय के निर्माण कार्य पूरा होने पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने बताया कि 9 जून 2023 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस भवन का भूमि पूजन किया था।
भाजपा कार्यालय की विकास यात्रा
दिल्ली भाजपा का पहला कार्यालय अजमेरी गेट पर खोला गया था। इसके बाद पार्टी ने कुछ समय के लिए रकाबगंज रोड स्थित एक भवन से काम किया। लगभग 35 वर्षों तक भाजपा का दिल्ली कार्यालय 14 पंडित पंत मार्ग से संचालित होता रहा।
अब पार्टी अपने नए और आधुनिक कार्यालय में शिफ्ट हो रही है, जो दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित है। यह स्थान न सिर्फ भौगोलिक रूप से सुविधाजनक है, बल्कि संगठनात्मक दृष्टि से भी अधिक सशक्त और आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। सचदेवा ने कहा कि यह बदलाव पार्टी की संघर्ष से सफलता तक की यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा यह यात्रा संघर्षपूर्ण रही है, लेकिन उल्लेखनीय और प्रेरणादायक भी रही है।”
उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ कई केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ भाजपा नेता और हजारों पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। भाजपा इसे अपने संगठनात्मक विस्तार और मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रही है।