मन की बात में PM पीएम मोदी ने छठ पूजा पर दिया जोर, त्योहारों में स्वदेशी खरीदने का किया आह्वान

Mann Ki Baat: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 126वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए छठ पूजा के UNESCO की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल होने के प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को जोर देकर कहा। उन्होंने नौसेना की दो बहादुर महिला अधिकारियों के साहस की भी सराहना की।

पीएम ने छठ पूजा की बताई महत्ता

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छठ पूजा न केवल भारत का महत्वपूर्ण त्योहार है, बल्कि इसे विश्वभर में मान्यता दिलाने के लिए भारत सरकार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि छठ पूजा का UNESCO की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल होना देश की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक स्तर पर सम्मान देगा। मोदी ने यह भी याद दिलाया कि इसी तरह कोलकाता की दुर्गा पूजा भी पहले ही इस सूची में शामिल हो चुकी है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “त्योहार हमारी संस्कृति को जीवित रखते हैं और छठ पूजा सूर्य देव को समर्पित एक पवित्र पर्व है। इस पर्व के वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने से हमारी सांस्कृतिक समृद्धि और बढ़ेगी।”

गांधी जयंती पर स्वदेशी को अपनाने की अपील

पीएम मोदी ने गांधी जयंती के अवसर पर स्वदेशी और खासकर खादी उत्पादों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद खादी का आकर्षण कम हो गया था, लेकिन पिछले 11 वर्षों में खादी की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आग्रह किया कि 2 अक्टूबर को वे खादी का कोई न कोई उत्पाद जरूर खरीदें और सोशल मीडिया पर ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत इसका प्रचार करें। उन्होंने कहा, “जब हम स्वदेशी वस्तुएं खरीदते हैं तो हम किसी परिवार की उम्मीदें जगाते हैं, किसी कारीगर की मेहनत को सम्मान देते हैं और युवा उद्यमियों के सपनों को पंख देते हैं।”

नौसेना की बहादुर महिला अधिकारी

प्रधानमंत्री ने ‘नाविका सागर परिक्रमा’ अभियान में भाग लेने वाली नौसेना की दो महिला अधिकारियों लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा की बहादुरी और अडिग संकल्प की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ये महिलाएं देश की नारी शक्ति का उदाहरण हैं और देश के हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रही हैं।

पीएम मोदी ने सुनाई सफलता की प्रेरणादायक कहानियां

पीएम मोदी ने विभिन्न राज्यों से आए उद्यमियों और महिलाओं की सफलता की कहानियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि अशोक जगदीसन और प्रेम सेल्वराज ने कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर प्राकृतिक उत्पादों से योगा मैट और कपड़े बनाए, जिससे 200 परिवारों को रोजगार मिला।

आशीष सत्यव्रत साहू ने आदिवासी बुनाई और वस्त्रों को ‘जोहरग्राम’ ब्रांड के तहत अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। मधुबनी की स्वीटी कुमारी ने मिथिला पेंटिंग को महिलाओं के लिए आजीविका का जरिया बनाया है और 500 से अधिक ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

लता मंगेशकर को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री ने स्वदेशी की भावना से जुड़े स्वर कोकिला लता मंगेशकर को उनकी जयंती पर याद किया। उन्होंने कहा कि लता दीदी के देशभक्ति गीत लोगों को प्रेरणा देते हैं और उनका योगदान भारतीय संस्कृति के लिए अमूल्य है। पीएम मोदी बताया कि लता दीदी हर साल उन्हें राखी भेजना कभी नहीं भूलती थीं। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके गीत ‘ज्योति कलश छलके’ को रेडियो पर भी बजाया।

संस्कृति और विरासत को बढ़ावा

पीएम मोदी ने रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि और निषादराज को भी याद किया। उन्होंने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर के साथ-साथ वाल्मीकि और निषादराज को समर्पित मंदिर भी बनाए गए हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि राम मंदिर के दर्शन के साथ इन मंदिरों का भी दर्शन करें, जो सेवा, सद्भाव और करुणा का प्रतीक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *