जापान में फुटबाल खेलने पहुंच गई नकली पाकिस्तानी टीम, जानें फिर क्या हुआ?

Pakistan fake football team: जापान में चल रहे एक फुटबॉल टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने वह कारनामा करके अपने देश को शर्मशार किया, जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। दरअसल पाकिस्तान ने जापान में फुटबॉल टूर्नामेंट खेलने के लिए एक नकली टीम भेज दिया। उसकी इस धोखाधड़ी का खुलासा होने पर जापानी अधिकारियों के भी होश उड़ गए।

जापान ने पाकिस्तान की नकली टीम को लौटाया

‘नकली’ पाकिस्तानी फुटबॉल टीम को जापान ने मामले का खुलासा होने पर वापस भेज दिया। यह जानकारी संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) ने बुधवार को दी। एफआईए के अनुसार एक मानव तस्करी गिरोह ने फुटबॉल टीम के नाम पर 22 लोगों को जापान भेजने की साजिश रची थी। नकली खिलाड़ी फुटबॉल किट पहने हुए थे और दावा कर रहे थे कि वे पाकिस्तान फुटबॉल महासंघ में पंजीकृत हैं। वे एक जापानी क्लब के साथ मैच निर्धारित करने का भी झूठा दावा कर रहे थे।

नकली पाकिस्तान टीम ने हासिल कर लिया था जापान का वीजा

एफआईए के बयान में कहा गया कि यह 22 सदस्यीय नकली टीम जून 2025 में जापान पहुंची, जिसने 15 दिन का वीजा प्राप्त किया था। हालांकि जापानी आव्रजन अधिकारियों ने इन्हें हवाई अड्डे से ही वापस भेज दिया और मामले की सूचना एफआईए को दी।

नकली फुटबॉल टीम का संदिग्ध वकास अली गिरफ्तार

जांच में एफआईए ने मंगलवार को इस मानव तस्करी गिरोह के प्रमुख संदिग्ध वकास अली को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान पता चला कि 2024 में भी गिरोह ने इसी तरीके से 17 लोगों को पाकिस्तान फुटबॉल टीम का सदस्य बताकर जापान भेजा था, जो वापस नहीं लौटे।

संदिग्ध ने यह भी बताया कि इसके लिए पाकिस्तान फुटबॉल महासंघ (पीएफएफ) और विदेश मंत्रालय के जाली पत्र व एनओसी का इस्तेमाल किया गया था। एफआईए ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति ने जापान वीजा के लिए 45 लाख पाकिस्तानी रुपये चुकाए। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *