गृह मंत्री अमित शाह ने दी PM मोदी के जन्मदिन पर बधाई, कहा- पांच दशक से कर रहे हैं देश की सेवा

PM Modi Birthday Wishes: (नई दिल्ली): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और कहा कि मोदी जी पिछले पांच दशकों से भी अधिक समय से देशवासियों के कल्याण के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। शाह ने कहा कि मोदी हर एक नागरिक के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ के आदर्श वाक्य की जीवंत प्रेरणा हैं और देश को विकसित, आत्मनिर्भर बनाने में उनका नेतृत्व अनमोल है। शाह ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट में मोदी के योगदान को चार मुख्य बिंदुओं में साझा किया

जनसेवा और राष्ट्रहित के लिए समर्पण

    अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पूरे जीवन में देश की सेवा को सर्वोपरि रखा है। संघ से लेकर भाजपा संगठन मंत्री, गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री तक, मोदी जी ने हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आगे रखा। शाह ने बताया कि मोदी जी पिछले पांच दशक से लगातार बिना थके और रुके सामाजिक कल्याण कार्यों में लगे हैं। उन्होंने कहा, “मोदी जी का जीवन त्याग, तपस्या और सर्वस्व समर्पण का उदाहरण है।”

    वंचितों और पिछड़ों को शासन के केंद्र में लाना

      शाह ने बताया कि मोदी जी ने शासन में पारदर्शिता, निर्णयों में दृढ़ता और नीतियों में स्पष्टता लाकर गरीबों, पिछड़ों, महिलाओं और आदिवासियों को शासन की मुख्यधारा में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में करोड़ों देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। शाह ने कहा, “मोदी ने उन क्षेत्रों तक विकास पहुंचाया जहां पहले कोई सोच भी नहीं सकता था। असम का सबसे लंबा पुल, कश्मीर का दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज, और डिजिटल इंडिया जैसे अनेक परियोजनाएं इसके उदाहरण हैं।”

      आर्थिक विकास और वैश्विक नेतृत्व

        अमित शाह ने मोदी सरकार की आर्थिक उपलब्धियों को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का गौरव हासिल किया है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था का ‘ब्राइट स्पॉट’ कहा है। शाह ने कहा कि 60 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं, जो मोदी युग की बड़ी सफलता है। उन्होंने मोदी को एक ‘प्रॉब्लम-सॉल्विंग’ नेता बताया जो वैश्विक मंच पर संवाद सेतु की भूमिका निभा रहे हैं।

        स्वदेशी विकास और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण

          शाह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने विज्ञान, तकनीक और रक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव से लेकर द्वारका तक देश ने नई उपलब्धियां हासिल की हैं। स्वदेशी कोविड टीकों, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप और किसानों के लिए लाभकारी नीतियों के माध्यम से भारत आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है। शाह ने कहा, “मोदी ने हर क्षेत्र में विकास की नई राह खोली है, जिससे भारत वैश्विक नेतृत्व की नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है।

          अमित शाह ने अंत में कहा कि मोदी जी की दूरदृष्टि, संकल्प और कड़ी मेहनत से भारत आज न केवल एक विकसित देश बन रहा है बल्कि वैश्विक मंच पर भी उसकी प्रतिष्ठा बढ़ रही है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे मोदी के नेतृत्व पर गर्व करें और देश को आगे बढ़ाने में सहयोग दें।

          Leave a Reply

          Your email address will not be published. Required fields are marked *