PM Modi 75th birthday: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं और देश के प्रति उनके योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने परिश्रम और असाधारण नेतृत्व के जरिए देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति को स्थापित किया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपने परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए देश को एक नई दिशा दी है। उन्होंने आगे कहा, “मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं। आज पूरा विश्व समुदाय आपके मार्गदर्शन पर भरोसा जता रहा है, जो भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है।”
उपराष्ट्रपति दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन समेत अनेक नेताओं ने बधाई दी। राधाकृष्णन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “माननीय प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर मजबूती से उभर रहा है और हम एक विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और देश सेवा के लिए समर्पित जीवन की कामना की। अन्य मंत्रियों और राजनेताओं ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं दीं और मोदी के नेतृत्व की सराहना की।
सरकार ने शुरू किए कई जनसेवा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर भाजपा और केंद्र सरकार ने देशभर में कई जनसेवा और जागरूकता कार्यक्रम शुरू किए हैं। ये कार्यक्रम 2 अक्टूबर तक चलेंगे। इस दौरान पूरे देश में स्वास्थ्य जांच शिविर, साफ-सफाई अभियान, और स्वदेशी चीजों को बढ़ावा देने के लिए मेले लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा, बुद्धिजीवियों और आम लोगों के साथ बैठकें भी हो रही हैं, ताकि देश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी बातें साझा की जा सकें।