PM Modi Assam visit: (गुवाहाटी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को असम के दरांग और गोलाघाट जिलों में कुल 18,530 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। अपने दो दिवसीय असम दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री दो बड़े कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ा निवेश
दरांग जिले के मंगलदई कस्बे में प्रधानमंत्री मोदी दरांग मेडिकल कॉलेज, एक नर्सिंग कॉलेज और जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) स्कूल की आधारशिला रखेंगे। इन तीनों परियोजनाओं पर कुल 570 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ा बल मिलेगा।
संपर्क और परिवहन को मिलेगा बढ़ावा
प्रधानमंत्री असम में यातायात और बुनियादी ढांचे को सुधारने के उद्देश्य से कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसमें 2.9 किलोमीटर लंबे नारेंगी-कुरुवा पुल की आधारशिला शामिल है, जिसकी अनुमानित लागत 1,200 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही,पीएम मोदी 118.5 किलोमीटर लंबी गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना का शिलान्यास करेंगे। 4,530 करोड़ रुपये की यह परियोजना कामरूप और दरांग जिलों को मेघालय के री भोई जिले से जोड़ेगी, जिससे क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा।
ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम
गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ में प्रधानमंत्री मोदी 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। इसके अतिरिक्त, वे 7,230 करोड़ रुपये की लागत वाली ‘पेट्रो फ्लूइडाइज्ड कैटेलिटिक क्रैकर यूनिट’ की आधारशिला रखेंगे, जो प्रति वर्ष 360 केटीपीए प्रोपलीन का उत्पादन करेगी। यह परियोजना राज्य को पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम होगी।
मंगलदई में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे, जबकि नुमालीगढ़ में दोपहर 2:15 बजे शुरू होगा। दोनों स्थानों पर वे जनसभाओं को संबोधित करेंगे और परियोजनाओं की अहमियत पर प्रकाश डालेंगे। प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को गुवाहाटी पहुंचे थे, जहां उन्होंने भूपेन हजारिका जन्म शताब्दी समारोह में भाग लिया। रविवार शाम वह जोरहाट हवाई अड्डे से कोलकाता के लिए रवाना होंगे।