Ambala Tangri River Flood (अंबाला): हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ के हालात को लेकर पूरी गंभीरता से काम कर रही है। मंत्री विज ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हालात की गंभीरता को देखते हुए अपना विदेश दौरा रद्द कर दिया है और अधिकारियों की सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सभी प्रशासनिक अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में ही रहें और राहत कार्यों की निगरानी करें।
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने का निर्देश
विज ने कहा कि जहां भी बाढ़ से हालात बिगड़ते हैं, प्रशासन को तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का पहला लक्ष्य है कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए और उन्हें खाद्य सामग्री व आवश्यक सुविधाएं दी जाएं।
टांगरी नदी में जलस्तर बढ़ने से कुछ घरों में घुसा पानी
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अंबाला में टांगरी नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने टांगरी नदी के प्राकृतिक प्रवाह में घर बना लिए हैं, जिसके चलते इस बार कई घरों में पानी घुस गया। सरकार ने तुरंत टास्क फोर्स भेजकर प्रभावित लोगों को निकाला और उनके लिए खाने-पीने का इंतजाम किया। मंत्री विज ने बताया कि सामान्यतः टांगरी नदी में 3500 क्यूसेक से ज्यादा पानी नहीं आता, लेकिन इस बार 3800 क्यूसेक पानी आया, जिससे हालात बिगड़े।
टांगरी नदी की खुदाई और चौड़ाई का काम फिर शुरू होगा
अनिल विज ने बताया कि सरकार ने पहले ही टांगरी नदी की खुदाई और चौड़ाई का कार्य शुरू किया था, लेकिन कुछ स्थानीय बाधाओं के कारण एक महीने के लिए काम रुक गया। अब मानसून के बाद यह कार्य फिर से शुरू किया जाएगा।