सीएम सैनी ने कुरुक्षेत्र में साइक्लोथॉन यात्रा को दिखाई हरी झंडी, स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान

CM Naib Saini Kurukshetra visit: कुरुक्षेत्र: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी आज कुरुक्षेत्र के दौरे पर रहे। अपने इस दौरे की शुरुआत उन्होंने ब्रह्मसरोवर के पास स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभिमान अभियान के तहत सड़क पर झाड़ू लगाकर की। इस दौरान उन्होंने खुद श्रमदान किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री के साथ पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, नगर परिषद की चेयरपर्सन, भाजपा के जिलाध्यक्ष तेजिंद्र सिंह गोल्डी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जिन्होंने इस स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया।

सीएम नायब सैनी ने ब्रह्मसरोवर के पास पौधरोपण करके हरियाली बढ़ाने का भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और हरियाली से ही हमारी धरती सुंदर और स्वस्थ बनती है। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं।

गीता की धरती से स्वच्छता का दिया संदेश

सीएम नायब सैनी ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र गीता की धरती है, जहां से भगवान श्रीकृष्ण ने पूरे विश्व को अमर संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि इस पावन भूमि पर देश और विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं, इसलिए यहां स्वच्छता बनाए रखना हमारा परम कर्तव्य है। उन्होंने कहा, “हमें अपनी इस पवित्र नगरी को पूरी तरह साफ-सुथरा रखना होगा ताकि हर व्यक्ति स्वच्छता का संदेश लेकर वापस जाए। यह हम सबके लिए गर्व की बात है कि हम गीता की धरती पर रहते हैं। हमें इसे हमेशा स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना चाहिए।”

स्वच्छ कुरुक्षेत्र की वेबसाइट का किया शुभारंभ

राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर सीएम नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र में आयोजित भव्य साइक्लोथॉन यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इस आयोजन का उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना था। उन्होंने साथ ही स्वच्छ कुरुक्षेत्र की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया, जिसमें नागरिक अपनी स्वच्छता की तस्वीरें अपलोड कर सकते हैं और स्वच्छता अभियान में भाग ले सकते हैं। सीएम ने लोगों से अपील की कि वे इस वेबसाइट का उपयोग कर स्वच्छता को बढ़ावा दें और अपनी सहभागिता दर्ज करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान हरियाणा की जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और इसे जीवनशैली बनाने में मदद करेगा।

खेलों को हरियाणा सरकार का विशेष समर्थन

सीएम नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है जो पदक विजेता खिलाड़ियों को सबसे अधिक पुरस्कार देता है। उन्होंने बताया कि अब तक सरकार ने खिलाड़ियों को 593 करोड़ रुपये के पुरस्कार दिए हैं। इसके अलावा, 2014 से अब तक 29 हजार से अधिक छात्रों को लगभग 53 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति भी दी गई है।

सरकार ने खेल उपकरण प्रावधान योजना भी शुरू की है, जिसके तहत अब तक 15,634 खिलाड़ियों को खेल उपकरण वितरित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह सब योजनाएं खेलों के विकास और युवा खिलाड़ियों के समर्थन के लिए हैं, ताकि हरियाणा से और अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश और दुनिया में अपनी पहचान बना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *