PM Modi on Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 125वें एपिसोड में देश में हाल ही में आई बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ये आपदाएं पूरे देश के धैर्य और सेवा-भाव की परीक्षा ले रही हैं। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर की दो उल्लेखनीय उपलब्धियों का भी ज़िक्र किया।
बारिश और बाढ़ ने मचाई भारी तबाही
प्रधानमंत्री ने कहा कि मानसून के इस दौर में बाढ़ और भूस्खलन ने देश के कई हिस्सों में गंभीर तबाही मचाई है। कई घर उजड़ गए, खेत पानी में डूब गए और सैकड़ों परिवारों की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई। उन्होंने कहा पानी के तेज बहाव से पुल बह गए, सड़कें टूट गईं और लोगों की जान जोखिम में पड़ गई। ये घटनाएं हर भारतीय के लिए पीड़ादायक हैं।”
पीएम ने NDRF और SDRF टीमों के को सराहा
प्रधानमंत्री मोदी ने आपदा राहत कार्यों में जुटी एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य सुरक्षाबलों ने दिन-रात काम कर लोगों को सुरक्षित निकाला। उन्होंने बताया कि राहत कार्यों में आधुनिक तकनीकों जैसे थर्मल कैमरा, ड्रोन, लाइव डिटेक्टर और खोजी कुत्तों का उपयोग किया गया। हेलीकॉप्टर के जरिए प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री भी पहुंचाई गई।
पीएम मोदी ने कहा कि इस कठिन घड़ी में डॉक्टरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय प्रशासन और आम नागरिकों ने भी आगे आकर इंसानियत की मिसाल पेश की। उन्होंने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा, “यह वह समय है जब देश एकजुट होकर मानवता को सर्वोपरि रखता है।”
जम्मू-कश्मीर की दो उपलब्धियां का किया जिक्र
प्राकृतिक आपदाओं के बीच प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर से आई दो सकारात्मक खबरों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि पुलवामा में पहली बार दिन-रात्रि क्रिकेट मैच खेला गया, जिसमें बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे। उन्होंने कहा, “कुछ समय पहले तक यह असंभव माना जाता था, लेकिन अब देश बदल रहा है। दूसरी उपलब्धि के तौर पर उन्होंने श्रीनगर की डल झील में आयोजित पहले ‘खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देता है, बल्कि जम्मू-कश्मीर की नई पहचान भी बना रहा है।
खिलाड़ियों और महिलाओं की सराहना
पीएम मोदी ने जानकारी दी कि इस वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में देशभर से 800 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुषों के बराबर रही। उन्होंने कहा, “यह युवाओं के आत्मविश्वास और खेलों के प्रति उत्साह को दर्शाता है। मैं सभी खिलाड़ियों को बधाई देता हूं।”