वाराणसी में CM योगी ने सुनीं जनता की समस्याएं ,अफसरों को दिए सख्त निर्देश

Cm yogi in Varanasi: (वाराणसी): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वाराणसी में “जनता दर्शन” कार्यक्रम के दौरान लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जनसमस्याओं का तत्काल और प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

वाराणसी के दौरे पर सीएम योगी

सीएम योगी दो दिन के दौरे पर शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे थे। दौरे के दूसरे दिन शनिवार को उन्होंने सर्किट हाउस में जनता दर्शन कार्यक्रम में भाग लिया। वहां बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। योगी आदित्यनाथ ने एक-एक व्यक्ति से मिलकर उनकी बात सुनी और अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को अनदेखा न किया जाए और जल्द से जल्द निपटारा किया जाए।

समस्याओं का तुरंत हो समाधान

मुख्यमंत्री योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता को किसी भी स्थिति में निराश न किया जाए। सभी विभागीय अधिकारी लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लें और तय समय में समाधान करें। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में लापरवाही या देरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिनसे नहीं मिले, उनके सौंपे गए प्रार्थना पत्र

भारतीय जनता पार्टी के जिला सह मीडिया प्रभारी अरविन्द मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जहां लोगों से सीधी बातचीत की, वहीं जो लोग उनसे मुलाकात नहीं कर पाए, उनके आवेदन पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि हर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जनता दर्शन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग अपने आवास, राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पेंशन आदि से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने हर व्यक्ति की बात ध्यान से सुनी और अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *