जम्मू-कश्मीर में बादल फटने और भूस्खलन से तबाही, 10 लोगों की मौत राहत बचाव कार्य जारी

cloudburst and Landslide in Jammu Kashmir: (जम्मू कश्मीर): जम्मू-कश्मीर के रामबन और रियासी जिलों में शनिवार को भारी बारिश के कारण दो बड़ी घटनाएं हुईं। रामबन जिले के राजगढ़ इलाके में बादल फटने से तीन लोग मारे गए और दो अभी भी लापता हैं। वहीं रियासी जिले के बद्दर गांव में भूस्खलन हुआ, जिसमें एक परिवार के सात लोग मलबे में दबे हुए हैं और उनकी मौत की आशंका है।

रामबन में फटा बादल

रामबन के राजगढ़ गांव में अचानक भारी बारिश के बाद बादल फटा। तेज पानी के बहाव से बाढ़ आई और गांव में नुकसान हुआ। बचाव दल ने दो महिलाओं सहित तीन लोगों के शव निकाले हैं। दो लोग अभी भी लापता हैं। भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे इलाके में खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित जगह रहने की सलाह दी है।

रियासी में भूस्खलन से एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के बद्दर गांव में शनिवार तड़के हुए भूस्खलन से एक मकान ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। भारी बारिश के कारण पहाड़ी इलाके में भूस्खलन हुआ, जिससे नजीर अहमद (38), उनकी पत्नी वजीरा बेगम (35), और उनके पांच बेटे बिलाल (13), मोहम्मद मुस्तफा (11), मोहम्मद आदिल (8), मोहम्मद मुबारक (6) और मोहम्मद वसीम (5) मलबे में दब गए। परिवार सो रहा था जब अचानक घर ढह गया।स्थानीय लोग और पुलिस की मदद से मृतकों के शव मलबे से निकाले गए।

जम्मू क्षेत्र में रेल सेवाएं बंद

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में रात भर मध्यम से भारी बारिश हुई है, जिससे क्षेत्र में भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जम्मू इलाके में लगातार बारिश और बाढ़ के कारण रेलवे सेवाएं भी बंद हो गई हैं। कठुआ और उधमपुर के बीच कई जगह रेल ट्रैक टूट गए हैं। इसलिए ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। कई ट्रेनें रद्द हो गई हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।

प्रशासन का काम और लोगों से अपील

प्रशासन ने बचाव दल और राहत टीमों को प्रभावित इलाकों में भेजा है। लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा है। सरकार ने प्रभावित परिवारों की मदद का भरोसा दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम का ध्यान रखें और सावधानी बरतें। आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *