2 अगस्त को वाराणसी दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, किसानों को देंगे 20वीं किस्त की सौगात

PM Modi

PM Modi Varanasi visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को उत्तर प्रदेश के वाराणसी दौरे के दौरान ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ (PM-KISAN) योजना की 20वीं किस्त जारी करेंगे। यह योजना केंद्र सरकार की प्रमुख पहल है, जिसके तहत देशभर के करोड़ों किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस बार देश के करीब 9.70 करोड़ पात्र किसानों को योजना की 20वीं किस्त के रूप में 20,500 करोड़ रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में सीधे भेजी जाएगी। यह राशि किसानों के जीवनयापन और खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगी।

उत्तर प्रदेश के किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

इस वित्तीय सहायता से उत्तर प्रदेश के करीब 2.30 करोड़ किसान लाभान्वित होंगे। उनके खातों में कुल 4,600 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी। राज्य सरकार और केंद्र सरकार इस योजना के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही हैं।

योजना का उद्देश्य और किस्त प्रणाली

पीएम किसान सम्मान निधि’ योजना के तहत सभी पात्र भूमि धारक किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और जनसभा

प्रधानमंत्री मोदी सेवापुरी ब्लॉक के बनौली गांव में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी मंच से वह 2,183.45 करोड़ रुपये की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं से वाराणसी क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री मोदी सुबह करीब 10:30 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे। यह दौरा केंद्र सरकार की किसानों और ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *