Malegaon Blast case: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मालेगांव विस्फोट मामले में न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वर्षों पहले गढ़ी गई “हिंदू आतंकवाद” की थ्योरी आज पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। सैनी ने कहा कि इस फैसले ने यह साबित कर दिया है कि झूठे आरोपों और राजनीतिक साजिशों के जरिए किसी निर्दोष को सजा नहीं दी जा सकती।
धैर्य और सत्य की हुई है जीत
सीएम सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “जिन निर्दोषों ने वर्षों तक इस कलंक का मानसिक और सामाजिक दंश झेला, आज उनके धैर्य और संघर्ष की जीत हुई है। उन्होंने इस फैसले को कांग्रेस की उस “राजनीतिक चाल” पर करारा तमाचा बताया, जिसमें कथित रूप से वोटबैंक की राजनीति के लिए भगवा आतंकवाद जैसा शब्द गढ़ा गया था।
“हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता”
सीएम सैनी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान को दोहराते हुए लिखा, “हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता।” उन्होंने कहा कि देश की संस्कृति और सनातन मूल्यों को कलंकित करने का जो प्रयास कांग्रेस द्वारा किया गया था, अब न्यायालय ने उसे न्याय की कसौटी पर खारिज कर दिया है।
मालेगांव विस्फोट केस
गौरतलब है कि 2008 में महाराष्ट्र के मालेगांव शहर में हुए विस्फोट मामले में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। इस मामले को लेकर लंबे समय तक ‘हिंदू आतंकवाद’ शब्द गढ़ा गया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा। हाल ही में एनआईए कोर्ट ने इस मामले में सभी आरोपियों को बरी कर दिया, यह कहते हुए कि आरोप साबित नहीं हो सके। इसके बाद से ही भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर जवाबी हमला तेज कर दिया है।