6-7 मई और 9-10 मई की रात भारत की मिसाइलों ने पाकिस्तान में प्रचंड प्रहार कर घुटनों पर ला दियाः मोदी

Narendra Modi, PM

Operation Sindoor: (नई दिल्ली): ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की कार्रवाई का पूरा ब्यौरा दिया। पीएम मोदी ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमला एक क्रूर घटना थी। आतंकियों ने धर्म पूछकर 26 निर्दोषों को मारा था। यह उनकी दंगे फैलाने की साजिश थी। मगर देश ने इसका एकजुटता के साथ समर्थन किया। हमने साफ कह दिया था कि आतंकियों को मिट्टी में मिला देंगे और वह कर दिखाया। पीएम मोदी ने कहा कि छह-सात मई और फिर 9-10 मई की रात भारत की मिसाइलों ने पाकिस्तान में प्रचंड प्रहार किया। भारत ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया।

पीएम मोदी ने कहा-मैं सदन में विपक्ष को आईना दिखाने खड़ा हूं

पीएम मोदी ने लोकसभा में कहा कि यह विजयोत्सव आतंकी मुख्यालय को मिट्टी मिलाने और सिंदूर का सौगंध पूरा करने का है। मैं भारत का पक्ष रखने के लिए खड़ा हूं ; जिन्हें भारत का पक्ष नहीं दिखता, उन्हें आईना दिखाने के लिए खड़ा हूं। गर्व है कि आतंकियों को ऐसी सजा दी कि आतंक के आकाओं की नींद उड़ी हुई है।

‘न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग’ के आगे नहीं झुकेगा भारत

पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने सिद्ध कर दिया कि ‘न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग’ अब नहीं चलेगी और इसके सामने देश नहीं झुकेगा। थलसेना, वायुसेना और नौसेना के बीच के समन्वय ने पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए। ऑपरेशन सिंदूर ने तय कर दिया कि आतंक के आकाओं और पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

पाकिस्तान के कई एयरबेस अभी भी आईसीयू में

पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय सेना ने आतंक के अड्डों के साथ पाकिस्तान के एयरबेस को भी धुआं कर दिया। हालत ये है कि पाकिस्तान के कई एयरबेस अभी भी आईसीयू में हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सेना ने पाकिस्तान को कभी न भूलने वाली कार्रवाई से जवाब दिया है।

ऑपरेशन सिंदूर पर भारत को मिला दुनिया का समर्थन

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत को दुनिया का समर्थन मिला, लेकिन वीर-जवानों के पराक्रम को कांग्रेस का समर्थन नहीं मिला। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में 193 देशों में से सिर्फ 3 ने भारत की कार्रवाई का विरोध किया, बाकी सभी ने समर्थन किया। इसके अलावा ब्रिक्स और क्वाड ने भी भारत की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद विपक्ष ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाकर मीडिया में जगह ले सकते हैं, लेकिन देशवासियों के दिल में जगह नहीं बना सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *