पाकिस्तान ने 1000 मिसाइलों और ड्रोन से किया भारत पर हमले का प्रयास, मगर सेना ने उन्हें नष्ट कर दियाः मोदी

Narendra Modi, Prime Minister

Operation Sindoor: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर विपक्ष के सवालों का करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने आत्मनिर्भर भारत की ताकत देखी। प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया ने भारत के हथियारों का जलवा देखा। ऑपरेशन सिंदूर से भारतीय सेना आत्मनिर्भर हुई। मगर कांग्रेस मुद्दों के लिए पाकिस्तान पर निर्भर है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने करीब 1000 मिसाइलों और ड्रोन से भारत पर हमले का प्रयास किया था। सोचिए अगर ये मिसाइलें और ड्रोन भारत पर गिरते तो क्या होता, मगर भारत ने उन्हें चकनाचूर कर दिया।

अमेरिका के उपराष्ट्रपति ने कई बार मुझे किया फोन तब हुई बात-पीएम मोदी

लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 9 मई की रात अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कई बार मुझे फोन करके बात करने का प्रयास किया, लेकिन मैंने उनका फोन नहीं उठाया…क्योंकि मैं सेना के साथ हाई लेबल मीटिंग में बिजी था। इसलिए उनका फोन नहीं उठा सका। बाद में मैंने उपराष्ट्रपति को कॉल बैक किया और पूछा कि आपने मुझे फोन किया था, बताइये क्या बात है…तो उन्होंने मुझसे कहा कि पाकिस्तान आप पर बहुत बड़ा हमला करने वाला है। इस पर हमने उनको कहा कि पाकिस्तान अगर ऐसा करता है तो यह उसकी बहुत बड़ी गलती होगी, क्योंकि हम उससे भी ज्यादा ताकतवर हमले से जवाब देने को तैयार हैं। मैंने कह दिया कि भारत गोली का जवाब गोले से देगा।

पाकिस्तान के डीजीएमओ ने खुद किया भारत को फोन

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की सेना ने जब पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों के साथ उनके सेना के बेस को भी तबाह कर दिया तो थोड़ी ही देर में वह घुटनों पर आ गया। पाकिस्तान के डीजीएमओ ने खुद भारत को फोन किया और कहा कि अब और हमला मत कीजिए, क्योंकि इसे हम झेल नहीं सकते। इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर स्थगित किया गया।

ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी

पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ स्थगित किया गया था। मगर वह बंद नहीं है। ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है। भारत ने साफ कर दिया है कि अब उसके ऊपर हमला हुआ तो वह आतंकियों और उसकी सरपरस्त सरकार को अलग नहीं समझेंगे। अब आतंकियों के आकाओं को भी पता है कि भारत जवाबी कार्रवाई जरूर करेगा। ये भारत का न्यू नॉर्मल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *