Bomb in DRDO building: चंडीगढ़: शहर में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की एक बिल्डिंग में बम होने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, सेना, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
यह सूचना मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बिल्डिंग में मौजूद कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया और पूरे परिसर को घेर लिया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास के क्षेत्र में यातायात को भी अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
मौके पर पहुंची बम स्क्वॉड की टीम
बता दें कि बम की सूचना मिलते ही ऑपरेशन सेल थाना पुलिस, बम स्क्वायड टीम, सेना के अधिकारी और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ते ने इमारत की गहन तलाशी ली। DRDO परिसर की जांच के लिए स्निफर डॉग्स और विशेष उपकरणों का भी इस्तेमाल किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में इमारत से कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस ने की नागरिकों से अपील
चंडीगढ़ पुलिस ने बताया कि बम की सूचना किस माध्यम से मिली और उसका स्रोत क्या था, इस पर जांच की जा रही है। साइबर सेल की टीम भी मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है। फिलहाल किसी भी प्रकार का खतरा नहीं पाया गया है, लेकिन पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें।