अवैध धर्मांतरण पर सख्त योगी सरकार, कहा- होगी कड़ी कार्रवाई

Shri Guru Tegh Bahadur Message Journey: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ स्थित अपने आवास पर आयोजित श्री गुरु तेग बहादुर संदेश यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ किया । यह यात्रा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष को समर्पित है और लखनऊ से शुरू होकर दिल्ली के चांदनी चौक स्थित शीशगंज गुरुद्वारा तक जाएगी। इस दौरान उन्होने दो टूक शब्दों में कहा कि राज्य सरकार अवैध धर्मांतरण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और इस तरह की गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सीएम योगी ने कहा, “कुछ ताकतें योजनाबद्ध तरीके से देश के सामाजिक और धार्मिक स्वरूप को बदलने की कोशिश कर रही हैं। अनुसूचित जाति के लोगों को भय और लालच के जरिए धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जा रहा है, जो न केवल संविधान के खिलाफ है, बल्कि सामाजिक समरसता के लिए भी खतरा है।”

धर्मांतरण का भंडाफोड़

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि हाल ही में बलरामपुर में की गई कार्रवाई में एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जो अवैध धर्मांतरण के लिए विदेशों से फंडिंग प्राप्त कर रहा था। इस रैकेट ने धर्म परिवर्तन के लिए बाकायदा ‘रेट तय’ कर रखे थे। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क से जुड़े 40 बैंक खातों में ₹100 करोड़ से अधिक का लेन-देन हुआ है। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया और कहा कि सरकार ऐसे सभी नेटवर्क्स को बेनकाब करके कठोर कार्रवाई कर रही है।

तेग बहादुर संदेश यात्रा शुरू

सीएम योगी ने श्री गुरु तेग बहादुर संदेश यात्रा का फूल बरसाकर स्वागत किया और उन्हें सिख समुदाय के अद्वितीय बलिदान की प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा, “गुरु तेग बहादुर ने उस काल में औरंगजेब जैसे अत्याचारी शासक के खिलाफ डटकर सनातन धर्म की रक्षा की और अपने प्राणों की आहुति देकर अमर संदेश दिया।

उन्होने कहा कि आज भी कुछ ताकतें हिंदू और सिख समुदाय के बीच फूट डालने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन समाज को सतर्क रहकर इन साजिशों को विफल करना होगा। इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री बलदेव सिंह औलख, विधान परिषद सदस्य हरि सिंह ढिल्लो, अल्पसंख्यक आयोग सदस्य परविंदर सिंह, दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव जगदीप सिंह कहलो, और प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद जैसे कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *