CM Rekha Gupta :(नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के बीएच ब्लॉक, जनता फ्लैट्स कॉलोनी में एक प्रायोगिक परियोजना का शुभारंभ किया। इस परियोजना के तहत कॉलोनी में फैले ओवरहेड बिजली के तारों को हटाकर उन्हें भूमिगत किया जाएगा। परियोजना की कुल लागत आठ करोड़ रुपये है और इसे तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम गुप्ता ने बताया कि यह परियोजना न केवल इलाके की तस्वीर बदलेगी, बल्कि लोगों की सुरक्षा और सुविधा दोनों बढ़ाएगी।” इस घनी बस्ती वाले क्षेत्र को तारों के जाल से मुक्त करना एक जरूरी और समयबद्ध कदम है।
बिजली आपूर्ति होगी सुरक्षित और निर्बाध
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि भूमिगत बिजली तारों की व्यवस्था से हर मौसम में स्थिर और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि अब बारिश, आंधी या अन्य प्राकृतिक कारणों से बिजली कटने की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। इस बार 2025-26 के बजट में इस उद्देश्य के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि यदि यह प्रायोगिक परियोजना सफल रही, तो इसे दिल्ली के अन्य इलाकों में भी विस्तार दिया जाएगा।
10 किलोमीटर की लाइनें जाएंगी ज़मीन के नीचे
टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (TPDDL) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डी. बसाक ने कहा, इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 10 किलोमीटर बिजली लाइनें भूमिगत बिछाई जाएंगी। इससे न केवल दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी, बल्कि रखरखाव भी आसान हो जाएगा। यह कदम तकनीकी रूप से मजबूत और दीर्घकालिक समाधान प्रदान करेगा, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा और कम बिजली बाधा का अनुभव होगा।”