Rekha Gupta held first public hearing: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को अपने नए कैंप कार्यालय में पहली बार जनसुनवाई आयोजित की। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं और आवश्यक निर्देश दिए। यह जनसुनवाई राजधानी के राज निवास मार्ग स्थित उस कैंप कार्यालय में आयोजित हुई, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री ने पिछले शुक्रवार को किया था। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार का प्राथमिक कर्तव्य जनसेवा है और जनसुनवाई इसी कर्तव्य की प्रतिध्वनि है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जन सेवा सदन हर नागरिक की चिंता, आशा और सुझावों का केंद्र बनेगा, जहां आमजन अपनी बात सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
आवास और कार्यालय दोनों की व्यवस्था
मुख्यमंत्री को लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा राज निवास मार्ग पर दो बंगले आवंटित किए गए हैं। एक को आवास और दूसरे को कार्यलय के रूप में उपयोग किया जा रहा है। कैंप कार्यालय को इस प्रकार तैयार किया गया है कि वहां आम जनता सरलता से पहुंच सके और अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख सके।
आम जनता से संवाद की पहल
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और अपनी व्यक्तिगत तथा सामूहिक समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। रेखा गुप्ता ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल्द से जल्द इन समस्याओं का समाधान करें। कई नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें पहली बार ऐसा महसूस हुआ कि सरकार सीधे उनके साथ खड़ी है।
नियमित होगी जनसुनवाई
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जनसुनवाई कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोगों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जा सके। इस पहल का उद्देश्य शासन को उत्तरदायी, पारदर्शी और जनकेंद्रित बनाना है।