जेपी नड्डा और सीएम सैनी ने बांटे आयुष्मान कार्ड, कहा- हर गरीब तक पहुंचेगा मुफ्त इलाज

Ayushman card: गुरुग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को बड़ी संख्या में नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनकर अपना उत्साह दिखाया। कार्यक्रम जीएनएच कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल कौशिक, और उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

प्रधानमंत्री मोदी के विचारों से मिली प्रेरणा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में मेहनत कर रहे आम नागरिकों की कहानियां और अनुभव साझा करते हैं, जो सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल वर्तमान पीढ़ी बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए भी सीख और दिशा प्रदान करता है।

लाभान्वितों को किया आयुष्मान कार्ड वितरित

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र नागरिकों को आयुष्मान कार्ड वितरण भी किया। इस योजना का उद्देश्य देश के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। गुरुग्राम में आयोजित इस कार्यक्रम ने जनता और पार्टी के बीच विश्वास और समन्वय को और मजबूत किया।

एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया और प्रदेशवासियों से इस पहल में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह के साथ उन्होंने वाटिका चौक के पास बादशाहपुर ड्रेन पर विकसित फॉरेस्ट कॉरिडोर में पौधे लगाए। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का अनुरोध किया।

पर्यावरण संरक्षण के लिए संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर नागरिक को अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पेड़ लगाना चाहिए और उसे संरक्षित रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस पहल से न केवल हरियाणा हरा-भरा होगा, बल्कि जलवायु परिवर्तन के खतरे से भी लड़ने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर सोहना से विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव, जिला प्रशासन के अधिकारी और भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *