Himachal UK Rain and Landslides: भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश, बाढ़ और लैंड्स्लाइड का कहर जारी है। हिमाचल प्रदेश में भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, ऊना और हमीरपुर जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे लैंडस्लाइड और बाढ़ की आशंका बनी हुई है।
मंडी में हालात गंभीर
लगातार भारी बारिश के चलते मंडी जनपद में नदियां उफान पर हैं। लैंडस्लाइड के कारण यातायात कई जगहों पर बाधित है। प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। लोगों और पर्यटकों को इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।
शिमला
शिमला जिले में भी भू-स्खलन का सिलसिला जारी है। वहीं धर्मशाला–छतारो–गग्गल मार्ग पर भारी बारिश के कारण जगह-जगह सड़कें बंद हैं। यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
अन्य जिलों में यलो अलर्ट
हिमाचल के बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और सोलन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां हल्की से मध्यम बारिश जारी है, पर स्थिति नियंत्रण में है।
प्रदेशभर में राहत-बचाव दल सक्रिय
प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से अब तक 288 से अधिक सड़कें बंद हो चुकी हैं। इसमें मंडी में 96 सड़कें, शिमला में 76 सड़कें, कुल्लू में 37, सिरमौर में 33, चंबा में 26, लाहौल-स्पीति में 7, हमीरपुर में 5 और कांगड़ा व किन्नौर में 4-4 सड़कें बंद हैं। फ्लैश फ्लड, लैंडस्लाइड, और बिजली आपूर्ति में बाधा के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
उत्तराखंड में गंगा का रौद्र रूप, चारधाम यात्रा रोकी गई
उत्तराखंड में गंगा के भयानक रूप के बाद चारधाम यात्रा रोक दी गई है। इसके साथ ही राफ्टिंग भी बंद करवा दी गई है। सभी पर्यटकों को राफ्टिंग को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
देहरादून और गढ़वाल क्षेत्र प्रभावित
इन क्षेत्रों में गंगा, अलकनंदा और मंडाकिनी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। देहरादून में डूबने की कई घटनाएं सामने आईं, जिनमें एक 5 साल की बच्ची समेत कई लोग घायल हुए हैं।
केदारनाथ यात्रा पर असर
मुनकटिया और सोनप्रयाग में लैंडस्लाइड के कारण यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इसके चलते केदारनाथ गए यात्रियों को फिलहाल रोका गया है। पौड़ी, मोल्टी और रतनुडा में नुकसान हुआ है। भू-स्खलन और नदी कटाव से कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, जान-माल की हानि की खबर नहीं है।
हरिद्वार में रेस्क्यू ऑपरेशन
गंगा के किनारे बसे कुंग्री श्यामपुर क्षेत्र से करीब 80 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। उत्तराखंड सरकार ने एक बड़ा फैसला करते हुए चारधाम यात्रा को दो दिन के लिए स्थगित कर दिया है। इलाकों में SDRF और NDRF की टीमें तैनात कर दी गई हैं। सभी अस्पताल और राहत दलों को अलर्ट पर रखा गया है।
हिमाचल में स्कूल-कॉलेज बंद
हिमाचल में एहतियात के चलते स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में ड्रिलिंग और सड़क मरम्मत अभियान जारी है। इसके साथ ही जनता को चेतावनी जारी की गई है। लोगों को प्रशासन की ओर से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी तटों से दूर रहने, और स्थानीय चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है। हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश, लैंडस्लाइड और बाढ़ की घटनाओं ने आम जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सरकार और प्रशासन राहत कार्य में जुटे हैं, लेकिन खतरा अब भी बरकरार है।