Navy clerk arrested leaking information :(नई दिल्ली): भारत में पाकिस्तान के जासूसी नेटवर्क को लेकर एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। भारतीय नौसेना के दिल्ली मुख्यालय में तैनात विशाल यादव नामक क्लर्क को देश की गुप्त जानकारियां पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI को लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
विशाल, जो कि हरियाणा का निवासी है, कथित तौर पर एक पाकिस्तानी महिला एजेंट ‘प्रिया’ के संपर्क में था। ‘प्रिया’ ने खुद को एक भारतीय महिला बताकर विशाल से नजदीकियां बढ़ाईं और सोशल मीडिया के जरिए भावनात्मक रूप से उसे फंसा लिया। इसके बाद विशाल ने नौसेना की संवेदनशील जानकारियां, दस्तावेज़ और रिपोर्ट्स उसे भेजना शुरू कर दिया।
ऑपरेशन सिंदूर से कनेक्शन की जांच
सूत्रों के अनुसार, ये मामला हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़ा हो सकता है, जिसमें भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी ठिकानों को टारगेट किया था। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या विशाल द्वारा लीक की गई जानकारियों का संबंध इस सैन्य अभियान से था।
देश में जासूसी नेटवर्क पर शिकंजा
गौरतलब है कि बीते कुछ हफ्तों में पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। इससे पहले राजस्थान के जैसलमेर में सरकारी कर्मचारी शाकुर खान को पकड़ा गया था, जो सेना से जुड़ी सूचनाएं पाकिस्तान को भेज रहा था। वहीं, हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को भी जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अब विशाल यादव की गिरफ्तारी इस बात की पुष्टि करती है कि ISI भारत में सोशल मीडिया के माध्यम से सैन्य और सरकारी तंत्र में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है।
फोरेंसिक जांच शुरू
विशाल यादव के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिवाइसेज़ को जब्त कर लिया गया है और डिजिटल फॉरेंसिक जांच शुरू हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े और लोग भी जल्द सामने आ सकते हैं।