Iran Israel War: परमाणु ठिकानों पर इज़राइली हमले के जवाब में ईरान ने दागीं मिसाइलें, 78 की मौत

Iran us War

Iran Israel War: पश्चिम एशिया में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। इज़राइल ने शुक्रवार को ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर भीषण हवाई हमला किया, जिसके जवाब में ईरान ने दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इस संघर्ष में अब तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है और 320 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

इज़राइल का बड़ा हमला

शुक्रवार को इज़राइली वायुसेना ने करीब 200 लड़ाकू विमानों के साथ ईरान के करीब 100 रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया। हमले में नतांज और फोर्डो स्थित ईरान के परमाणु-संवर्धन केंद्रों को भी निशाना बनाया गया। इज़राइल का दावा है कि यह हमला इसलिए जरूरी था ताकि ईरान के परमाणु हथियार विकसित करने की योजना को रोका जा सके।

ईरान की जवाबी कार्रवाई

इज़राइली हमले के तुरंत बाद ईरान ने यरुशलम और तेल अवीव समेत कई शहरों पर दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। शनिवार सुबह यरुशलम में एक बार फिर सायरनों और धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे यह संकेत मिला कि ईरान ने हमले फिर से शुरू कर दिए हैं।

ईरान के ‘नूर न्यूज’ ने पुष्टि की है कि देश ने नई जवाबी कार्रवाई की है। तेल अवीव में सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर है। इज़राइली बचाव दल के अनुसार एक इमारत पर मिसाइल गिरने से ये लोग घायल हुए।

तेहरान में धमाके और आग

शनिवार तड़के तेहरान में जोरदार विस्फोटों और हवाई रक्षा प्रणाली की गोलाबारी की आवाजें सुनाई दीं। ईरान की अर्धसरकारी एजेंसी ‘तस्नीम’ ने बताया कि मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आग लग गई, जिसकी पुष्टि एक वीडियो में दिखाई गई धुएं और लपटों से भी हुई।

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने कहा, “हम उन्हें इस अपराध के बाद बच कर नहीं निकलने देंगे।” वहीं, इज़राइली सेना ने नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *