Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद अहमदाबाद में गुरुवार को हुआ एअर इंडिया का विमान हादसा पूरे देश को झकझोर गया है। लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान अचानक क्रैश हो गया, जिसमें 265 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा इतना भयावह था कि इसमें सवार 241 यात्रियों और क्रू मेंबर्स में से केवल एक व्यक्ति ही जीवित बच पाया। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज के परिसर में मौजूद 20 लोग भी इसकी चपेट में आ गए।
इस दुर्घटना ने देशभर में शोक की लहर दौड़ा दी है। सवाल उठ रहा है कि एअर इंडिया के अत्याधुनिक और सबसे सुरक्षित माने जाने वाले ड्रीमलाइनर विमान के साथ ऐसा कैसे हुआ? क्या यह तकनीकी गड़बड़ी थी या इसमें किसी साजिश का एंगल भी जुड़ा हुआ है?
(NIA) की टीम पहुंची विंमान क्रैश साइट पर
इस हादसे के कुछ घंटों बाद शुक्रवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम क्रैश साइट पर पहुंची। NIA अधिकारियों के साथ कुछ अन्य केंद्रीय एजेंसियों के विशेषज्ञ भी घटनास्थल पर मौजूद थे। इससे संकेत मिल रहा है कि जांच एजेंसियां इस हादसे में आतंकी साजिश की आशंका को भी खंगाल रही हैं। हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए कई कोणों से जांच शुरू हो चुकी है।
आतंकी साजिश की आशंका।
NIA की मौजूदगी ने इस संभावना को बल दिया है कि इस दुर्घटना के पीछे किसी आतंकी साजिश की आशंका को नकारा नहीं जा सकता। बताया जा रहा है कि विमान की सुरक्षा प्रणाली, उड़ान भरने से पहले की गतिविधियां, और संभावित साइबर हस्तक्षेप सहित कई बिंदुओं से जांच की जा रही है।
AAIB ने भी शुरू की तकनीकी जांच
विमान हादसों की आधिकारिक जांच करने वाली एजेंसी एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने भी इस दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। यह एजेंसी नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन कार्य करती है और भारत में विमान दुर्घटनाओं और गंभीर घटनाओं की पड़ताल करती है। AAIB तकनीकी पहलुओं से इस हादसे की पूरी रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसमें ब्लैक बॉक्स डेटा, विमान की मरम्मत और रखरखाव रिकॉर्ड, पायलट की ट्रेनिंग, और एयर ट्रैफिक कंट्रोल संवाद शामिल होगा।
पीएम मोदी ने घटनास्थल और अस्पताल का किया दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो उस समय गुजरात में ही थे, ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताया और पीड़ितों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।