इंदौर-शिलॉन्ग मर्डर केस: पत्नी का प्रेम प्रसंग बना पति की मौत की वजह, सोनम समेत 4 गिरफ्तार

Sonam Raghuvanshi crime story:(इंदौर/शिलॉन्ग) एक नवविवाहित जोड़े के हनीमून का अंत एक दिल दहला देने वाले हत्या कांड में बदल गया। जिसने इंदौर से लेकर मेघालय तक हड़कंप मचा दिया। इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की शिलॉन्ग में हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी का अपने ही घर में काम करने वाले राज कुशवाह से प्रेम संबंध था और इसी प्रेम कहानी ने एक खूनी साजिश का रूप ले लिया।

अफेयर की शुरुआत और साजिश

पुलिस के अनुसार, राज कुशवाह, उम्र में सोनम से करीब पांच साल छोटा है और वह लंबे समय से सोनम के प्लाईवुड बिजनेस में बिलिंग का काम संभाल रहा था। काम के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। सोनम और राजा की शादी महज 11 मई 2025 को हुई थी लेकिन शादी के कुछ ही हफ्तों में सोनम ने अपने प्रेमी राज के साथ मिलकर राजा को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

हनीमून बना हत्या का मंच

सोनम और राजा हनीमून के बहाने मेघालय के शिलॉन्ग पहुंचे। लेकिन यह यात्रा एक पूर्व नियोजित योजना का हिस्सा थी। सोनम ने राज कुशवाह और उसके तीन साथियों विशाल चौहान, आनंद, और आकाश कुशवाह को पहले ही गुवाहाटी भेज दिया था। ये सभी शिलॉन्ग में किराए की बाइक लेकर पहुंचे और सोनम की मदद से राजा को डबल डेकर वॉटरफॉल इलाके तक ले गए। पुलिस का कहना है कि इसी सुनसान इलाके में उन्होंने राजा की हत्या कर दी और शव को खाई में फेंक दिया गया।

पुलिस को करती रही गुमराह

हत्या के बाद सोनम लगातार जगह बदलती रही और पुलिस को गुमराह करती रही। वह वाराणसी, गोरखपुर जैसे इलाकों से होते हुए नेपाल भागने की फिराक में थी। उसे आखिरी बार गोरखपुर की बस में देखा गया था। लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसे गाजीपुर में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ ही इस हत्या में शामिल चारों मुख्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है।

स्थानीय लोग पहले से थे शक में

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि सोनम और राज की नजदीकियों पर पहले भी कई लोगों को शक था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह रिश्ता इस हद तक जा सकता है। मेघालय के डीजीपी एल. नोंग्रांग ने पुष्टि की है कि यह मामला पूरी तरह से साजिश के तहत की गई हत्या है और पुलिस के पास ठोस सबूत मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *