Delhi weather update: दिल्ली-एनसीआर में रविवार को गर्मी ने कहर ढा दिया। राजधानी में तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। राजधानी की सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा छाया रहा। लोग जरूरी काम निपटाकर जल्दी घर लौटते नजर आए, वहीं बाजारों में भी आम दिनों की तुलना में कम भीड़ देखी गई।
(IMD) ने जारी की चेतावनी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यह गर्मी फिलहाल थमने वाली नहीं है। सोमवार यानी आज भी राजधानी में लू जैसे हालात बने रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहेगा और तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी और भी अधिक महसूस होगी। विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में चल रही पछुआ हवाएं और राजस्थान की ओर से आ रही गर्म लहरें दिल्ली-एनसीआर में तापमान को लगातार बढ़ा रही हैं। शहरी इलाकों में बढ़ता कंक्रीटकरण, पेड़ों की कटाई और जल स्रोतों की कमी भी इस स्थिति को और गंभीर बना रही है।
हीट स्ट्रोक, का अलर्ट
गर्मी के इस प्रकोप से बचने के लिए लोगों को विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय छतरी या टोपी का उपयोग करने की सलाह दी गई है। गर्मी से सबसे अधिक प्रभावित बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोग हो सकते हैं। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसे मौसम में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और चक्कर आने जैसी समस्याएं आम हो सकती हैं। इसके लिए तुरंत ठंडी जगह पर आराम करना और पानी पीना जरूरी है।
दिल्ली सरकार और नगर निगमों ने भी गर्मी से निपटने के लिए कुछ कदम उठाए हैं। जल आपूर्ति बढ़ाने, सार्वजनिक स्थानों पर पानी की व्यवस्था करने और छायादार स्थलों पर धूप से बचाव के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक मानसून की आमद नहीं होती, तब तक राजधानी को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम ही है। मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों में तापमान के और बढ़ने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वे सतर्क रहें, खुद का ख्याल रखें और प्रशासन द्वारा जारी कीकी गई गाइडलाइंस का पालन करें।