11th anniversary of central government:करनाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की सफलतम यात्रा के उपलक्ष्य में करनाल में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और करनाल के सांसद मनोहर लाल खट्टर ने कार्यशाला में भाग लिया और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह 11 वर्ष केवल शासन का नहीं, बल्कि ‘संकल्प से सिद्धि’ तक की यात्रा का प्रतीक हैं, जहां देश ने विकास, आत्मनिर्भरता और जनसशक्तिकरण के नए प्रतिमान स्थापित किए
गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को केंद्र में रखा गया
मनोहर लाल ने कहा कि पिछले एक दशक में मोदी सरकार ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाई गईं, जिससे व्यापक सामाजिक-आर्थिक बदलाव आया। जन-जन को लाभ पहुंचाने वाली योजनाएं जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, मुद्रा योजना और डिजिटल इंडिया इन सभी ने देश को सशक्त बनाया है
कार्यकर्ताओं से की ‘डोर टू डोर’ संवाद की अपील
पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यशाला में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएं और जनता को जागरूक करें कि मोदी सरकार ने उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए क्या-क्या प्रयास किए हैं।हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि यह परिवर्तन सिर्फ आंकड़ों में नहीं, ज़मीनी स्तर पर लोगों की जिंदगी में दिखाई दे रहा है,” उन्होंने कहा।
वैश्विक मंचों पर भारत की नई पहचान
मनोहर लाल ने कहा कि आज भारत वैश्विक मंचों पर मजबूती से अपनी बात रख रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की साख और प्रभाव में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि यह समय है जब हर नागरिक को गर्व होना चाहिए कि वह एक ऐसे भारत का हिस्सा है जो आत्मनिर्भरता और प्रगति के पथ पर अग्रसर है। करनाल में आयोजित यह कार्यशाला केवल सरकार की योजनाओं को उजागर करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक जन-जागरण अभियान का हिस्सा है। मनोहर लाल ने स्पष्ट किया कि यह सफर ‘संकल्प से सिद्धि’ तक केवल शुरुआत है। लक्ष्य है भारत को विश्वगुरु बनाना।