Northeast rain update:(नई दिल्ली): भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण आई बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अब तक इस प्राकृतिक आपदा में 36 लोगों की मौत हो चुकी है और 5.35 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इस संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रभावित राज्यों के प्रमुख नेताओं से बातचीत कर केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।
पीएम मोदी ने लिया हालात का जायजा
प्रधानमंत्री मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग तथा मणिपुर के राज्यपाल अजय भल्ला से फोन पर बात की और स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित राज्यों को राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में पूरी मदद का आश्वासन दिया।
असम के सीएम का बयान
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘थोड़ी देर पहले माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने मुझे असम में मौजूदा बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन किया।’उन्होने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें बाढ़ की स्थिति के बारे में पूछा और राहत कार्यों के लिए केंद्र सरकार की तरफ से समर्थन का भरोसा दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री के तत्परता और मार्गदर्शन के लिए आभार भी जताया।
राहत और बचाव कार्य तेज़
असम में अब तक 11 लोगों की मौत हुई है जबकि 20 से अधिक जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकारों ने राहत शिविर स्थापित कर दिए हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय भी इस स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रभावित जनता को जल्द राहत पहुँचाने में जुटे हुए हैं।