CM Saini cabinet meeting:(चंडीगढ़): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (HPPC), विभागीय समिति (DHPPC) और हाई पॉवर वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) की बैठक में ₹1640 करोड़ से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों और खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सफल नेगोसिएशन के बाद लगभग ₹61 करोड़ की वित्तीय बचत भी सुनिश्चित की गई।
बैठक में शामिल प्रमुख सदस्य
बैठक में शामिल प्रमुख सदस्य मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, डॉ. अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, श्रुति चौधरी, राजेश नागर उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा,“यह निर्णय प्रदेश के समग्र विकास और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सरकार हर वर्ग तक विकास की योजनाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़े निर्णय
गांवों में स्वच्छता व्यवस्था के लिए 298 हॉपर टिपर डंपर खरीदे जाएंगे। ग्राम सचिवों और सीपीएलओ की सुविधा के लिए 4500 लैपटॉप की खरीद की स्वीकृति मिली। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित की जा रही लाइब्रेरी के लिए पुस्तके ई-लाइब्रेरी के लिए कंप्यूटर सिस्टम,और वाईफाई और सीसीटीवी खरीदने को मंजूरी मिली।
शिक्षा एवं स्वास्थ्य में निवेश
सिरसा के मंडी डबवाली में राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के निर्माण को हरी झंडी। क्लस्टर स्कूलों के लिए 1415 कंप्यूटर खरीदे जाएंगे। अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल के 100 से बढ़ाकर 200 बिस्तर तक विस्तार के शेष कार्यों को स्वीकृति। नल्हड़ के शहीद हसन खान मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में रोड, पब्लिक हेल्थ, अग्निशमन, विद्युत सेवाओं और HVAC सिस्टम की विशेष मरम्मत को मंजूरी मिली।
सड़क और शहरी विकास
दादरी-बौंद (24 किमी), दादरी-चिड़िया (18 किमी) और असंध-सिरसल (20 किमी) सड़कों के सुदृढ़ीकरण की मंजूरी। गुरुग्राम में जिला परिषद विकास भवन का निर्माण। आईएमटी मानेसर के आवासीय क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्य। कृषि और पशुधन मृदा स्वास्थ्य जांच के लिए प्रयोगशालाओं में उपयोग हेतु मृदा जांच किटों की खरीद। पंडित दीन दयाल उपाध्याय सामूहिक पशुधन बीमा योजना के लिए इंश्योरेंस एजेंसी का चयन।