PM Modi In Prayagraj: देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाकुंभ की अष्टमी पर पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई। संगम में स्नान ध्यान और पूजा आरती के बाद प्रधानमंत्री विशेष मोटर बोट से मेला क्षेत्र से निकल गए। पीएम के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद हैं। संगम में पुण्य की डुबकी लगाने के लिए बुधवार सुबह 10 बजे बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बमरौली एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे। इसके बाद करीब 11 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हेलीकॉप्टर से महाकुंभ नगर के अरैल स्थित डीपीएस हैलीपैड पहुंचे। करीब 11 बजकर 30 मिनट पर उन्होंने संगम में डुबकी लगाई।
त्रिवेणी में स्नान के बाद प्रधानमंत्री गंगा पूजा कर देश की कुशलता का कामना करेंगे। वह त्रिवेणी में डुबकी लगाने के बाद देश के करोड़ों सनातनियों की आस्था के केंद्र 13 अखाड़ों के आचार्य महामंडलेश्वरों सहित कुल 26 संतों के साथ गंगा पूजन करेंगे। इसके बाद वह दिल्ली लौट जाएंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री महाकुंभ के पहले 13 दिसंबर 2024 को संगम तट पर गंगा की आरती और पूजा कर इस महाआयोजन के सकुशल संपन्न होने की मंगलकामना किए थे। साल 2019 के कुंभ के शुरू और बाद में भी आए थे।
बता दें कि, 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ में अब तक 14 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। इनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत तमाम बड़े नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा कई देशों के प्रतिनिधि भी महाकुंभ में डुबकी लगा चुके हैं।
77 देशों के प्रतिनिधिमंडल ने लगाई थी डुबकी
इससे तीन दिन पहले एक फरवरी को 77 देशों के 118 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने महाकुंभ में पवित्र डुबकी लगाई थी। इसमें कई देशों के राजनयिकों के साथ ही उनका परिवार भी शामिल था। महाकुंभ में डुबकी लगाने वाले 77 देशों में रूस, मलेशिया, बोलीविया, जिम्बाब्वे, लातविया, उरुग्वे, नीदरलैंड, मंगोलिया, इटली, जापान, जर्मनी, जमैका, अमेरिका, स्विट्जरलैंड, स्वीडन, पोलैंड, कैमरून, यूक्रेन, स्लोवेनिया और अर्जेंटीना जैसे देशों के राजनयिक शामिल हैं। इसके बाद यूपी सरकार ने एक बयान में कहा कि राजनयिकों ने यात्रा के लिए किए गए प्रबंधों पर खुशी जताई। वह पवित्र संगम में डुबकी लगाने के बाद खुद को भाग्यशाली समझ रहे हैं।