UP ByElection 2024: उत्तर प्रदेश में 20 नवंबर को हुए उपचुनाव में मतदान के बाद आज परिणाम घोषित हो रहे हैं। प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ था। 9 में से 7 सीटों पर बीजेपी और सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल ने कब्जा जमाया है। 7-2 के स्कोर को लेकर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया दी है। सीएम योगी ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन पर जनता जनार्दन की अटूट विश्वास की नींव है।
यह जीत सुशासन, डबल इंजन की जनकल्याणकारी नीतियों और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम की जीत है। मैं विकास और सुशासन को अपना मत देने वाली प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करता हूं। साथ ही विजयी प्रत्याशियों को बधाई। बंटेंगे तो कटेंगे…एक रहेंगे सेफ रहेंगे।
बता दें कि, प्रदेश की 9 सीटों पर हुए उपचुनाव लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बने हुए थे। दोनों दलों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक रखी थी। चुनाव प्रचार की कमान सीएम योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने संभाल रखी थीं। चुनाव में समाजवादी पार्टी अपनी दो सीटों करहल और सीसामऊ को ही बचा पाई है। इसके अलावा सपा बाकी की 7 सीटों पर हार गई।
इसके अलावा बीजेपी ने 6 सीटों पर कब्जा किया है। सहयोगी दल राष्ट्रीय लोकदल ने मुजफ्फरनगर की मीरापुर विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। किसे कहां मिली जीत…
1. गाजियाबाद में बीजेपी की जीत
2. करहल में सपा ने जीत हासिल की
3. कानपुर की सीसामऊ से सपा की जीत
4. कुंदरकी में बीजेपी ने रिकॉर्ड जीत हासिल की
5. खैर सीट पर भी बीजेपी की जीत हुई
6. कटेहरी सीट पर भी बीजेपी का कब्जा
7. मिर्जापुर की मझवां सीट पर बीजेपी जीती
8. प्रयागराज की फूलपुर सीट से बीजेपी हुई विजय
9. मीरापुर सीट पर रालोद का कब्जा