सेवा ज्योति कार्यक्रम में PM मोदी बोले- आलोचकों ने मुझे अपने भीतर झांकना सिखाया हर संकट मेरे धैर्य की परीक्षा

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा में अपने 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी, तब उन्होंने नहीं सोचा था कि वह इस मुकाम तक पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पीछे मुड़कर देखने पर उनके मन में केवल कृतज्ञता का भाव आता है।

पीएम मोदी ने कहा कि उनके जीवन में हर व्यक्ति और हर घटना ने उन्हें कुछ न कुछ सिखाया है। जिसने उन्हें जिताया, उसने विनम्र होना सिखाया और जिसने उन्हें गिराया, उसने दोबारा खड़ा होना सिखाया। उन्होंने कहा कि शुभचिंतकों ने उन्हें प्रोत्साहित किया, जबकि आलोचकों ने उन्हें अपने भीतर झांकना सिखाया। साथ देने वालों ने विश्वास की शक्ति दिखाई और विरोध करने वालों ने लोकतंत्र की शक्ति समझाई। उन्होंने कहा कि हर संकट उनके धैर्य की परीक्षा रहा, हर सफलता ने उनके दायित्व को बढ़ाया और हर उपलब्धि ने बड़े लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने का साहस दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने लाल किले से ‘सबका प्रयास’ की बात कही थी। भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए देश में यह विश्वास होना चाहिए कि हम करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि 2047 में देश विकसित होगा और इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

जनता का मुझ पर सबसे बड़ा हक- मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि जनता ने उन्हें हमेशा अपनी सेवा के लिए चुना है। उन्होंने भारत के लोकतंत्र और संविधान का वंदन करते हुए कहा कि आज वह जिस दायित्व पर हैं, उसमें सबसे बड़ा योगदान जनता-जनार्दन का है। उन्होंने कहा कि उनके लिए जनता भगवान का ही रूप है और देश के करोड़ों लोगों का विश्वास तथा लाखों कार्यकर्ताओं का परिश्रम उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विधानसभा और लोकसभा के कई चुनाव देखे, लेकिन जनता ने हर बार उन्हें सेवा का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि देश ने उन्हें बहुत कुछ दिया है, इसलिए देश के प्रति उनका दायित्व भी सबसे अधिक है। पीएम मोदी ने कहा कि 25 वर्षों का जनविश्वास और अनुभव बहुत बड़ी पूंजी है। यह केवल मोदी की पूंजी नहीं, बल्कि पूरे देश की पूंजी है और मां भारती की हर संतान इसकी अधिकारी है।

वडनगर के स्कूल के दिनों को किया याद

प्रधानमंत्री ने अपने बचपन और स्कूल के दिनों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जब वह वडनगर के स्कूल में पढ़ते थे, तब उनके शिक्षक तरह-तरह के पाठ पढ़ाते थे। वह हमेशा कक्षा में सबसे पहले पहुंचने वाले छात्रों में रहते थे। उन्होंने कहा कि सीखने की ललक उनके जीवन का हिस्सा बन गई और आज भी वह खुद को एक विद्यार्थी मानते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि वह हर दिन कुछ नया सीखने का प्रयास करते हैं और जीवन में मिली हर सीख के लिए कृतज्ञ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *