गांधी जयंती पर राजघाट पहुंचे राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी, कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Gandhi Jayanti 2026: गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने भी राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी गांधी जी को नमन किया। दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर राजघाट स्थित गांधी समाधि में आयोजित ‘सर्व-धर्म प्रार्थना’ में शामिल हुए। इस दौरान कई अन्य नेताओं ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

लाल बहादुर शास्त्री को भी किया नमन

महात्मा गांधी की जयंती के साथ ही आज पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय घाट पहुंचकर लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी विजय घाट पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर विजय घाट पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

नड्डा और CM सैनी ने किया श्रमदान

गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्ली में कर्तव्य भवन-1 के पास श्रमदान किया। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर ‘स्वच्छ भारत अभियान’ में हिस्सा लिया। उन्होंने लोगों से अपने शहर को साफ-सुथरा रखने की अपील की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने शांति और अहिंसा का संदेश याद दिलाया

महात्मा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा था कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और संघर्ष का माहौल है। ऐसे समय में गांधी जी का शांति और अहिंसा का संदेश और भी प्रासंगिक हो जाता है। राष्ट्रपति ने कहा कि महात्मा गांधी के जीवन और आदर्शों का दुनियाभर में सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के कई क्षेत्रों में अशांति और युद्ध का वातावरण है और इसका प्रभाव सभी देशों पर पड़ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में गांधी जी के शांति और अहिंसा के विचार लोगों को प्रेरणा देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *