जालंधर में अमित शाह का बड़ा ऐलान, 2029 तक पंजाब को करेंगे नशामुक्त

Punjab drug-free by 2029: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जालंधर में ‘नशामुक्त पंजाब’ यात्रा के समापन पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में नशे के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी और 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को चिट्टे के कारोबार से मुक्त करने का वादा करती है। शाह ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने चिट्टे के कारोबार को खुलेआम चलने दिया।

अमित शाह ने कहा कि पंजाब के सामने किसान, उद्योग, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे कई मुद्दे हैं, लेकिन भाजपा चुनाव में नशामुक्त पंजाब के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने पंजाब की माताओं और युवाओं से भी नशे के खिलाफ इस अभियान में साथ देने की अपील की।

नशे के कारण जान गंवाने वाले युवाओं के परिवारों का किया जिक्र

जालंधर में आयोजित जनसभा में शाह ने कहा कि नशामुक्त पंजाब के लिए जालंधर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने पंजाब के किसानों और जवानों के योगदान को याद करते हुए कहा कि पंजाब का किसान देश के लिए अन्न उपलब्ध कराता है और यहां का जवान देश के लिए बलिदान देने को हमेशा तैयार रहता है। उन्होंने पंजाब की माताओं को भी नमन किया।

शाह ने नशे की वजह से अपने बच्चों को खो चुकी माताओं की पीड़ा का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह ऐसी मां से मिलकर आए हैं, जिसने अपने दो बेटों की तस्वीर हाथ में लेकर नशे का कारोबार बंद कराने और दूसरे बच्चों को बचाने की अपील की। शाह ने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे से बचाना जरूरी है।

‘अब पंजाब से चिट्टा खत्म करेंगे’

अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने देशभर में ‘नशामुक्त भारत’ अभियान चलाया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद, नक्सलवाद और पूर्वोत्तर में आतंकवाद के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि अब पंजाब से चिट्टा खत्म करने की बारी है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल अपराधियों को चुन-चुनकर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

शाह ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने पठानकोट से ‘नशामुक्त पंजाब’ यात्रा शुरू की थी, जिसका समापन जालंधर में हुआ। उन्होंने कहा कि पंजाब में सरकार बदलने के बाद दो साल में चिट्टे के कारोबार को खत्म करने की दिशा में काम किया जाएगा।

कांग्रेस के आंकड़ों पर भी उठाए सवाल

गृह मंत्री ने कांग्रेस पर भी नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस सरकार के दौरान 26 लाख किलोग्राम चिट्टा पकड़ा गया, जबकि 2014 से 2024 के बीच नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दौरान 1 करोड़ 20 लाख किलोग्राम नशा जब्त किया गया।

शाह के मुताबिक, कांग्रेस के कार्यकाल में 40 हजार करोड़ रुपये का नशीला सामान जब्त किया गया था, जबकि भाजपा सरकार के 10 वर्षों में 1 लाख 90 हजार करोड़ रुपये का नशीला सामान पकड़ा गया।

भगवंत मान सरकार पर भी हमला

अमित शाह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर रोजगार और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य देने से जुड़े वादों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नशामुक्त पंजाब का वादा करने के बावजूद राज्य में नशे का कारोबार बढ़ा है। शाह ने कहा कि पंजाब का विकास तब तक नहीं हो सकता, जब तक राज्य नशामुक्त नहीं होगा।

उन्होंने लोगों से पंजाब में भाजपा को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि अगले पांच साल का मौका मिलने पर पार्टी नशामुक्त पंजाब बनाने के लिए काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *