Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होने वाले BRICS समिट को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 10 से 14 सितंबर तक यातायात को लेकर पब्लिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें 22 डायवर्जन पॉइंट और 35 से अधिक सड़कों पर ट्रैफिक मूवमेंट को रेगुलेट करने की जानकारी दी गई है। ऐसे में घर से निकलने से पहले एडवाइजरी में बताए गए वैकल्पिक रास्तों की जानकारी रखना जरूरी होगा।
इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा असर
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग प्रभावित रह सकते हैं।
इसके अलावा जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, केमल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज़ टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग भी प्रभावित सड़कों में शामिल हैं।
रेलवे स्टेशनों के लिए ये होंगे वैकल्पिक रास्ते
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए रूट A में ISBT कश्मीरी गेट से बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग, DBG रोड, पंचकुइयां रोड होते हुए आउटर सर्कल, कनॉट प्लेस का रास्ता बताया गया है। रूट B में आश्रम चौक, रिंग रोड, राजघाट और JLN मार्ग, जबकि रूट C में वंदे मातरम मार्ग, डॉ. अंबेडकर मार्ग, पंचकुइयां रोड और आउटर सर्कल, कनॉट प्लेस शामिल है।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए रूट A में ISBT कश्मीरी गेट, रिंग रोड, हनुमान मंदिर और S.P. मुखर्जी मार्ग रहेगा। रूट B में आश्रम चौक से रिंग रोड, राजघाट, हनुमान मंदिर और S.P. मुखर्जी मार्ग का रास्ता है। रूट C में वंदे मातरम मार्ग, डॉ. अंबेडकर मार्ग, रानी झांसी मार्ग, रानी झांसी फ्लाईओवर, बुलेवार्ड रोड और लोथियन मार्ग शामिल है।
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के लिए रूट A में AIIMS, रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड का रास्ता है। रूट B में ISBT कश्मीरी गेट, रिंग रोड, राजघाट, आश्रम चौक और मथुरा रोड से पहुंचा जा सकेगा।
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए मेट्रो की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। गुरुग्राम से T3/T4/T2 जाने के लिए NH-48, राव गजराज सिंह मार्ग, ओल्ड दिल्ली गुरुग्राम रोड, UER-II और सर्विस रोड से T3 टर्मिनल रोड का रास्ता बताया गया है। T1 के लिए NH-48, महिपालपुर फ्लाईओवर के नीचे से T-3 रोड तथा NH-48, उलान बटार मार्ग और T-1 रोड के विकल्प दिए गए हैं। द्वारका से सभी टर्मिनल के लिए सेक्टर-22, द्वारका रोड से UER-II का रास्ता लिया जा सकता है। T3 के लिए नई सुरंग का भी उल्लेख किया गया है।
नई दिल्ली और दक्षिण दिल्ली से T3 जाने वालों के लिए रिंग रोड, AIIMS चौक, मोती बाग चौक, RTR मार्ग, शंकर विहार फ्लाईओवर के नीचे, संजय टी-पॉइंट, सर्विस रोड, NH-48 और महिपालपुर फ्लाईओवर के नीचे से T-3 रोड का रूट बताया गया है। वहीं T3/T4/T2/T1 के लिए AIIMS चौक, रिंग रोड, मोती बाग चौक, RTR मार्ग, शंकर विहार फ्लाईओवर और उलान बटार मार्ग का विकल्प है।
पश्चिम दिल्ली से एयरपोर्ट जाने वालों के लिए पंजाबी बाग चौक, रिंग रोड, राजा गार्डन चौक, नजफगढ़ रोड, पंखा रोड, डाबरी, द्वारका रोड, रोड नंबर 224, सेक्टर-22 द्वारका रोड, UER-II और NH-48 सर्विस रोड होते हुए T3 टर्मिनल रोड का रास्ता रहेगा।
नॉर्थ और ईस्ट दिल्ली से यात्रियों के लिए ISBT कश्मीरी गेट, रानी झांसी फ्लाईओवर, रोहतक रोड, पंजाबी बाग चौक, राजा गार्डन चौक, नजफगढ़ रोड, पंखा रोड, डाबरी, द्वारका रोड, रोड नंबर 224, सेक्टर-22 द्वारका रोड, UER-II और NH-48 सर्विस रोड होते हुए T3 टर्मिनल रोड का विकल्प दिया गया है।
मेट्रो चलती रहेगी, पार्किंग पर भी नियम
सभी मेट्रो स्टेशनों पर सेवाएं बिना रुकावट जारी रहेंगी। हालांकि VVIP मूवमेंट के दौरान बस रूट में बदलाव किया जा सकता है। टैक्सी और ऑटो-रिक्शा को तय स्थानों के अलावा सड़क किनारे पार्क करने की अनुमति नहीं होगी और इनके रूट में भी बदलाव हो सकता है।
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और ISBT जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। दिल्ली में ऐसी कमर्शियल गाड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जिनका डेस्टिनेशन दिल्ली नहीं है। कंट्रोल वाली सड़कों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
इमरजेंसी और मेडिकल वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी और उनके लिए 24 घंटे बिना रुकावट रास्ता उपलब्ध रखा जाएगा। जरूरी सामान और यूटिलिटी ऑपरेशन से जुड़ी सेवाओं को भी सभी जोन में बिना बाधा आवाजाही की सुविधा दी जाएगी।