CM Nayab Saini on Teachers Day: पंचकूला में आयोजित राज्य शिक्षक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य शिक्षक पुरस्कार समारोह में आना उनके लिए गौरव और सम्मान का क्षण है। उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और सम्मानित होने वाले शिक्षकों का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समारोह शिक्षा के प्रति शिक्षकों के समर्पण और योगदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि आज भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन है और उनके जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है।
तकनीक के दौर में शिक्षक की जिम्मेदारी बढ़ी
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि तकनीक के इस युग में शिक्षक की भूमिका कम नहीं हुई, बल्कि पहले से और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई शिक्षा नीति के जरिए समझ, कौशल, नवाचार और भारतीय मूल्यों को जोड़ने का मार्ग प्रशस्त किया है। अब शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि योग्य, आत्मनिर्भर, संवेदनशील और राष्ट्रीय निष्ठा वाले नागरिक तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। चालू वित्त वर्ष में स्कूल शिक्षा का बजट बढ़ाकर 18,538 करोड़ रुपये किया गया है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का दायरा बढ़ाने के लिए मॉडल संस्कृत विद्यालयों की संख्या बढ़ाकर 218 की गई है। प्रदेश में 251 पीएम श्री विद्यालय विकसित किए गए हैं, जबकि 250 विद्यालयों को सीएम-ईईई स्कूलों के रूप में विकसित किया जा रहा है।
पढ़ाई के साथ खेल और कौशल पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए 3,328 विद्यालयों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। गणित में बच्चों की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से हरियाणा गणित ओलंपियाड शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए कौशल बिजनेस चैलेंज शुरू किया गया है। इसके अतिरिक्त एक विद्यालय को स्कूल ऑफ एक्सीलेंस इन स्किल एजुकेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
सरकारी स्कूलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए सुपर-100 और बुनियाद कार्यक्रमों को भी और मजबूत किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ 23 देशों के प्रतिनिधि हरियाणा के निपुण कार्यक्रम को देखने और समझने के लिए आ रहे हैं।
शिक्षक स्थानांतरण नीति में पारदर्शिता का दावा
सीएम नायब सिंह सैनी ने बच्चों और उनके परिवारों को संकट की घड़ी में सुरक्षा देने के लिए वीर बाल मेमोरियल इनिशिएटिव योजना के प्रावधान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक स्थानांतरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए नई शिक्षक स्थानांतरण नीति लागू की गई है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि वे शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा को देश का अग्रणी राज्य बनाने में योगदान दें और विकसित भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान निभाएं।