PM मोदी को मिला उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान, यूरेनियम सप्लाई से लेकर हुए कई अहम समझौते

PM Modi received Uzbekistan highest honor: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया है। ताशकंद में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी को यह सम्मान प्रदान किया। इसके बाद दोनों नेताओं के नेतृत्व में भारत और उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधिमंडलों के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, तकनीक, ऊर्जा, कारोबार और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं और इन पर दोनों पक्षों की टीमें सहमत हैं। भारत और उज्बेकिस्तान के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने की दिशा में आगे बढ़ने की घोषणा भी की गई।

विदेश मंत्री स्तर पर बनेगी समन्वय परिषद

पीएम मोदी ने बताया कि दोनों देशों के बीच सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों को दिशा देने के लिए विदेश मंत्री स्तर पर समन्वय परिषद का गठन किया जाएगा। इसके अलावा भारत-उज्बेकिस्तान संयुक्त आयोग को सचिव स्तर से बढ़ाकर मंत्री स्तर पर ले जाने का फैसला किया गया है। दोनों देश मिलकर एक बिजनेस समिट का आयोजन भी करेंगे। इसमें भारत और उज्बेकिस्तान के कारोबारी नेता शामिल होंगे। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार और कारोबारी सहयोग को आगे बढ़ाना होगा।

यूरेनियम की आपूर्ति के लिए बनेगी दीर्घकालिक व्यवस्था

द्विपक्षीय बातचीत में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ा अहम फैसला भी लिया गया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान यूरेनियम की आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक व्यवस्था बनाएंगे। इसके अलावा दोनों देशों के बीच तीन सिस्टर-सिटी और सिस्टर-स्टेट व्यवस्थाओं पर भी काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन व्यवस्थाओं की क्षमता का पूरा इस्तेमाल करने के लिए एक रोडमैप तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने उज्बेकिस्तान के ‘न्यू ताशकंद’ मेगा प्रोजेक्ट और गुजरात की गिफ्ट सिटी का भी उल्लेख किया।

मिर्जियोयेव ने की भारत की प्रगति की तारीफ

उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक विकास की उच्च दर बनाए रखने के साथ बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है। उन्होंने डिजिटलीकरण, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की प्रगति का भी उल्लेख किया। राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने वैश्विक मामलों में भारत की बढ़ती आवाज और प्रभाव की भी तारीफ की। इससे पहले दो दिवसीय यात्रा पर ताशकंद पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया था। उनके दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *