वंदे मातरम के पूरे गीत को लेकर कांग्रेस और केंद्र सरकार के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस की ओर से अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम के शुरुआती दो छंद ही गाने की बात कहे जाने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी पर तीखा हमला बोला है। शाह ने कांग्रेस के इस फैसले को तुष्टिकरण की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि 1937 में कांग्रेस ने वंदे मातरम को दो हिस्सों में बांटने का फैसला किया था और उनके मुताबिक इसी से देश के विभाजन की नींव पड़ी।
अमित शाह ने कहा कि देश पहले वंदे मातरम को दो हिस्सों में बांटने के परिणाम देख चुका है और अब ऐसा दोबारा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस के मौजूदा फैसले को 1937 के उसके प्रस्ताव से जोड़ते हुए निशाना साधा।
कांग्रेस के फैसले पर शाह का हमला
गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति ने 1937 के अपने प्रस्ताव का अनुसरण करते हुए वंदे मातरम के केवल दो छंद गाने का फैसला किया है। शाह के मुताबिक, 1937 में कांग्रेस ने मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए वंदे मातरम को दो हिस्सों में बांटा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी फैसले से दो राष्ट्र के सिद्धांत को ताकत मिली और आगे चलकर देश का विभाजन हुआ।
शाह ने कहा कि वंदे मातरम के 150वें वर्ष के मौके पर नरेंद्र मोदी सरकार ने उस ऐतिहासिक गलती को सुधारने की कोशिश की है। उन्होंने बताया कि सरकार ने सरकारी कार्यक्रमों में वंदे मातरम को पूर्ण रूप से गाने का फैसला किया है और इसे कानूनी रूप भी दिया गया है।
शहीदों के अपमान का लगाया आरोप
अमित शाह ने कांग्रेस पर वंदे मातरम का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का फैसला केवल तुष्टिकरण की नीति को आगे बढ़ाता है। शाह के मुताबिक, वंदे मातरम देश की आजादी की लड़ाई का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है और लाखों स्वतंत्रता सेनानियों ने इस नारे के साथ संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस फैसले से उन शहीदों का भी अपमान होता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान दिया और वर्षों तक जेल में रहे।
संसद के कानून को नकारने का आरोप
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस एक तरफ 1937 के अपने प्रस्ताव को मान रही है और दूसरी तरफ संसद के एक्ट को नकार रही है। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया। शाह ने देश की जनता से कांग्रेस के फैसले के खिलाफ आवाज उठाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि देश ने वंदे मातरम के विभाजन के गंभीर परिणाम देखे हैं और अब तुष्टिकरण की राजनीति को आगे नहीं बढ़ने देना चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस पर भी हुआ था विवाद
इससे पहले स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस कार्यालय में पूरा वंदे मातरम बजाया गया था। इस दौरान सोनिया गांधी के नाराज नजर आने को लेकर भी चर्चा हुई थी। हालांकि, बाद में कांग्रेस नेताओं ने सफाई देते हुए कहा था कि सोनिया गांधी मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी मंगा रही थीं, क्योंकि वह काफी देर से खड़े थे।
इस घटना के चार दिन बाद कांग्रेस की ओर से कहा गया कि पार्टी के कार्यक्रमों में वंदे मातरम के केवल दो छंद ही गाए जाएंगे। इसी फैसले को लेकर अब अमित शाह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है और बीजेपी ने भी कांग्रेस के रुख की कड़ी आलोचना की है।