Weather Update in india: मानसून की बारिश ने देश के कई हिस्सों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहाड़ों पर भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं, वहीं मैदानी इलाकों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर बारिश के साथ तेज हवाएं और आंधी चलने की भी संभावना है।
दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
राजधानी दिल्ली में बारिश के बाद यमुना का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बना हुआ है। हालांकि हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर अब घटने लगा है। फ्लड एंड इरिगेशन डिपार्टमेंट स्थिति पर नजर बनाए हुए है। दिल्ली में आज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यूपी में कई नदियां खतरे के करीब
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। शाहजहांपुर के मिर्जापुर इलाके में गंगा का पानी कई गांवों में घुस गया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज और औरैया में बारिश की संभावना है।
MP में बाढ़ जैसे हालात
मध्य प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। डिंडोरी में नर्मदा, खरमेर और चकरार नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मंडला में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाकों में पानी घुसने लगा है और नर्मदा किनारे कई घाट और मंदिर जलमग्न हो गए हैं। रायसेन, नर्मदापुरम, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, दमोह, सागर, पांडुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी और पन्ना समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है।
बिहार-झारखंड में आंधी का अलर्ट
बिहार के गया, चंपारण, रोहतास, नवादा, बांका, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय, सहरसा और सुपौल में भारी बारिश के साथ आंधी की संभावना है। झारखंड के रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, जमशेदपुर, पलामू, खूंटी और दुमका में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
हिमाचल-उत्तराखंड में लैंडस्लाइड का खतरा
हिमाचल प्रदेश के चंबा में भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड हुआ है। सिहुंता नेशनल हाईवे पर पनियाला नाला के पास पहाड़ दरकने से सड़क पर मलबा आ गया। चंबा-भरमौर और चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे समेत कई सड़कें प्रभावित हुई हैं।
उत्तराखंड में भी भारी बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। जोशीमठ के किमाणा इलाके में मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर आने से ग्रामीणों में दहशत है। चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में भी लगातार लैंडस्लाइड हो रहे हैं। देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और अल्मोड़ा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
असम में बाढ़ से डेढ़ लाख लोग प्रभावित
असम में भारी बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गुवाहाटी के रुक्मिणी गांव में घुटनों तक पानी भर गया है। राज्य के 13 जिलों में करीब डेढ़ लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। अब तक 99 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं गोलाघाट, शिवसागर और जोरहाट समेत ऊपरी असम के कई जिले बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। करीब 11 हजार हेक्टेयर फसल बर्बाद हो चुकी है और हजारों लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। ऐसे में पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी वाले इलाकों में लोग मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।