नई दिल्ली: केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को कोटि-कोटि नमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि अगस्त क्रांति भारत की आजादी के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है।
अपने संदेश में उन्होंने स्मरण किया कि 9 अगस्त 1942 को ही महात्मा गांधी ने ‘करो या मरो’ का ऐतिहासिक जयघोष करते हुए भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी। इस आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध एक विशाल जनआंदोलन को जन्म दिया और देश की आजादी की लड़ाई को नई दिशा प्रदान की।
बलिदान के लिए किया याद
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस महान आंदोलन के माध्यम से लाखों भारतीयों ने माँ भारती की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। उन्होंने सभी अमर स्वतंत्रता सेनानियों के आज़ादी में बलिदान देने के लिए याद किया। उन्होंने इस अवसर पर देशवासियों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को सदैव याद रखें तथा उनके आदर्शों पर चलते हुए मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
आज क्रांति दिवस
अगस्त क्रांति दिवस हर वर्ष 9 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिन भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की याद दिलाता है, जिसने ब्रिटिश शासन के खिलाफ पूरे देश में व्यापक जनक्रांति को जन्म दिया था। इस आंदोलन ने स्वतंत्रता संग्राम को निर्णायक मोड़ प्रदान किया और 1947 में भारत की आजादी का मार्ग प्रशस्त किया। केंद्रीय मंत्री के इस संदेश को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है। देशभर में विभिन्न संगठनों और नेताओं द्वारा भी इस दिन स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।